सफाई कर्मचारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करें : कुलदीप कुमार
राज्य अनुसूचित जाति आयोग और राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, आयोग के अन्य सदस्य विजय डोगरा, दिग्विजय मल्होत्रा तथा शालिनी जमवाल सोमवार को जिला हमीरपुर के तीन दिवसीय दौरे पर यहां जिला मुख्यालय पहुंचे।
यंगवार्ता न्यूज हमीरपुर 22 जून, 2026 :
राज्य अनुसूचित जाति आयोग और राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, आयोग के अन्य सदस्य विजय डोगरा, दिग्विजय मल्होत्रा तथा शालिनी जमवाल सोमवार को जिला हमीरपुर के तीन दिवसीय दौरे पर यहां जिला मुख्यालय पहुंचे।
आयोग के अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों ने अपने प्रवास के पहले दिन यहां हमीर भवन में सफाई कर्मचारियों से संबंधित मुद्दों पर नगर निगम, जिला की अन्य शहरी निकायों, अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य बड़े संस्थानों के अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की तथा सफाई कर्मचारियों की स्थिति के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तलब की।
इस अवसर पर कुलदीप कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं तथा अधिनियम बनाए हैं। इनका लाभ सभी सफाई कर्मचारियों तक पहुंचना चाहिए। नियमित और अंशकालिक कर्मचारियों के अलावा ठेकेदारों के माध्यम से काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को भी सभी आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी बहुत ही विपरीत परिस्थितियों में कार्य करते हैं। इन्हें सुरक्षा किट मिलनी चाहिए तथा इनका नियमित रूप से मेडिकल चैकअप भी होना चाहिए।
सभी सफाई कर्मचारियों को सरकारी मानकों के अनुसार वेतन या पारिश्रमिक मिलना चाहिए। इन्हें ईपीएफ, बीमा, ईएसआई और अन्य सुविधाएं भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। कुलदीप कुमार ने नगर निगम, सभी शहरी निकायों और संस्थानों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो सफाई कर्मचारी आउटसोर्स आधार पर या ठेकेदार के माध्यम से कार्य कर रहे हैं, उनके वेतन और अन्य सुविधाओं पर लगातार नजर रखें। इनमें अगर अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित फर्म या ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने जिला की सभी शहरी निकायों और बड़े संस्थानों के अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों का विस्तृत ब्यौरा तलब किया और इनसे संबंधित रिपोर्ट आयोग को प्रेषित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा ने आयोग के अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का स्वागत किया तथा सफाई कर्मचारियों को प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। बैठक में निगम के अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद, अन्य शहरी निकायों तथा विभिन्न संस्थानों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?




