कसुंपटी विस के एक मात्र कॉलेज चायल कोटी में कॉमर्स व गणित विषय बंद, खुश विक्रम सेन ने अधिसूचना रदद करने का किया आग्रह
कसुंपटी निर्वाचन क्षेत्र के एक मात्र डिग्री कॉलेज चायल कोटी में कॉमर्स और गणित विषय बंद होने पर जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन सहित क्षेत्र की जनता ने कड़ा विरोध किया है । शनिवार को जारी बयान में खुश विक्रम सेन ने बताया कि कॉलेज में कॉमर्स और गणित विषय बंद होने पर जुन्गा क्षेत्र की 12 पंचायतों के बच्चों के साथ सुक्खु सरकार ने बहुत बड़ा अन्याय किया है
खुश विक्रम सेन ने सरकार से आग्रह किया है कि चायल कोटी में कॉमर्स और गणित विषय को बंद न करके इस पुनः आरंभ किया जाए । इसके अतिरिक्त बीएड की कक्षाएं भी आरंभ की जाएं । इनका कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में कसुपंटी निर्वाचन क्षेत्र राज्य में सबसे पिछड़ा हुआ है । इस विधानसभा क्षेत्र के कुल 24 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में केवल चार विद्यालयों में साईंस विषय पढ़ाया जाता हैं जिसके चलते विशेषकर जुन्गा क्षेत्र से बहुत कम युवा डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक सेवाओं में कार्यरत हैं । उन्होने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं न होने से अधिकांश बच्चे 12वीं कक्षा पूरी करने के उपरांत घर मंें बैठ जाते हैं । जबकि इस निर्वाचन क्षेत्र में बीते 25 वर्षों से कांग्रेस पार्टी का एक छत्र राज्य कायम हैं । इसके बावजूद भी इस विधानसभा क्षेत्र का पिछड़ा होना क्षेत्र कीे जनता के साथ बहुत बड़ा कुठाराघात है ।
कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ0 दीपशिखा भारद्वाज ने बताया कि कॉलेज में कॉमर्स और गणित विषय को सरकार ने इस शैक्षणिक सत्र से बंद कर दिया है । जबकि जुन्गा क्षेत्र से बच्चे कॉमर्स व गणित में दाखिला लेने के लिए कॉलेज में आ रहे हैं । उन्होने बताया कि वर्तमान में कॉलेज में सात बच्चे कॉमर्स विषय की पढ़ाई कर रहे हैं । दूसरी ओर इस कॉलेज में बीएड की कक्षाएं आरंभ करने के लिए यूजीसी से मान्यता नहीं मिली है ।
What's Your Reaction?




