नाहन-कालाअंब हाईवे पर इंसानियत की मिसाल, तीन युवकों ने बीच रास्ते फंसी युवतियों की मदद की

सड़क पर मुसीबत में फंसे किसी अनजान व्यक्ति की निस्वार्थ सहायता करना ही सच्ची इंसानियत की पहचान है। ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण नाहन-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर देखने को मिला, जहां संगड़ाह के तीन युवाओं ने पेट्रोल खत्म होने से बीच रास्ते फंसी दो युवतियों की समय रहते मदद कर मानवता की मिसाल पेश की।

Jul 24, 2026 - 17:36
 0  59
नाहन-कालाअंब हाईवे पर इंसानियत की मिसाल, तीन युवकों ने बीच रास्ते फंसी युवतियों की मदद की

यंगवार्ता न्यूज - नाहन 24 जुलाई, 2026 : 

सड़क पर मुसीबत में फंसे किसी अनजान व्यक्ति की निस्वार्थ सहायता करना ही सच्ची इंसानियत की पहचान है। ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण नाहन-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर देखने को मिला, जहां संगड़ाह के तीन युवाओं ने पेट्रोल खत्म होने से बीच रास्ते फंसी दो युवतियों की समय रहते मदद कर मानवता की मिसाल पेश की।

जानकारी के अनुसार, दो युवतियां स्कूटी पर कालाअंब से नाहन की ओर आ रही थीं। अंबवाला के समीप पहुंचने पर उनकी स्कूटी का पेट्रोल अचानक खत्म हो गया, जिससे वे सड़क किनारे रुक गईं। इसी दौरान नाहन से कालाअंब की ओर जा रहे संगड़ाह निवासी राहुल, संदीप और ललित कंठ ने युवतियों को परेशानी में देखा। बिना समय गंवाए तीनों ने अपनी कार रोकी और उनकी मदद के लिए आगे आए।

युवाओं ने अपनी कार वापस मोड़ी और स्कूटी को धक्का लगाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। इसके बाद वे युवतियों को अपनी कार में बैठाकर सैनवाला स्थित काली मंदिर के पास से नजदीकी पेट्रोल पंप तक ले गए, जहां बोतल में पेट्रोल भरवाया गया। इसके बाद तीनों युवक वापस स्कूटी के पास पहुंचे, उसमें पेट्रोल डाला और स्कूटी स्टार्ट करवाई। इतना ही नहीं, उन्होंने तब तक वहां रुककर युवतियों का साथ दिया, जब तक वे पूरी तरह सुरक्षित होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना नहीं हो गईं।

मदद करने वाले राहुल, संदीप और ललित कंठ सिरमौर जिले के उपमंडल संगड़ाह के निवासी हैं। तीनों कालाअंब के मैनथापाल क्षेत्र में 'MRL Transport' के नाम से ट्रांसपोर्ट कंपनी संचालित करते हैं।

संकट की घड़ी में दिखाई गई उनकी संवेदनशीलता, तत्परता और सामाजिक जिम्मेदारी की स्थानीय लोगों द्वारा खूब सराहना की जा रही है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि इंसानियत और मदद का जज़्बा आज भी समाज में जीवित है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow