प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त,तीन नेशनल हाईवे सहित 628 सड़कें बंद  

हिमाचल प्रदेश में माैसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के रात से बारिश हो रही है। बारिश से जगह-जगह भूस्खलन व अचानक बाढ़ की घटनाएं सामने आई हैं। जनजीवन अस्त-व्यस्त

Aug 25, 2025 - 12:56
 0  3
प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त,तीन नेशनल हाईवे सहित 628 सड़कें बंद  

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला    25-08-2025

हिमाचल प्रदेश में माैसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के रात से बारिश हो रही है। बारिश से जगह-जगह भूस्खलन व अचानक बाढ़ की घटनाएं सामने आई हैं। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, ऊना, चंबा जिले सहित कुल्लू और मनाली में सभी शैक्षणिक संस्थान आज बंद रखे गए हैं। 

लाहौल-स्पीति के केलांग और उदयपुर उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान भी आज बंद हैं। राज्य में सोमवार सुबह 10:00 बजे तक तीन नेशनल हाईवे सहित 628 सड़कें बंद रहीं। इसके अतिरिक्त 1533 बिजली ट्रांसफार्मर व 168 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। मंडी, कुल्लू व चंबा जिले में सबसे अधिक सड़कें प्रभावित हैं। 

राजधानी शिमला में भी रात से बारिश रुक-रुक कर जारी है। टूटीकंडी स्थित पांजड़ी में भूस्खलन से बहुमंजिला भवन खतरे की जद में आ गया है। बारिश के कारण भरमौर-पठानकोट हाइवे समेत 54 मार्ग बाधित हैं। 409 ट्रांसफार्मर बंद होने से लोगों ने अंधेरे में ही रात गुजारी। अल सुबह भी जगह-जगह भूस्खलन होने के कारण लोगों की दुश्वारियां बढ़ी हैं। 

विभागीय मशीनरी बंद मार्गो को बहाल करने में जुटी हुई है। जिला के स्कूलों, आईटीआई समेत शिक्षण संस्थान बंद है। जबकि, स्कूलों तक पहुंचने में शिक्षक वर्ग को दिक्कतें पेश आई है। हालांकि, पवित्र मणिमहेश यात्रा में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुबह से जारी है। ऊना-हमीरपुर रोड लठियाणी से लगभग चार किलोमीटर ऊपर भूस्खलन से सुबह करीब 5:00 बजे बंद हो गया। हालांकि बाद में सड़क को बहाल कर दिया गया। 

माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज आज चंबा, कांगड़ा व मंडी जिले के लिए 25 अगस्त को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया। आज ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर व कुल्लू के लिए ऑरेंज अलर्ट है। 

सोलन व शिमला के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है।  26 अगस्त को भी चंबा व कांगड़ा जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है जबकि मंडी जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट है।  31 अगस्त तक राज्य के कई भागों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow