पर्यटक स्थल चायल में प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा ने चलाया स्वच्छता अभियान
हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश प्रथम सशस्त्र वाहिनी, जुन्गा की ओर से चायल में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। “स्वच्छ हिमाचल, हरित हिमाचल” अभियान के तहत आयोजित इस अभियान में पर्यटन स्थल के आसपास के वन क्षेत्र, सड़क और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की गई।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 27 सितंबर :
कमांडेंट भूपेंद्र सिंह नेगी के मार्गदर्शन में अभियान आयोजित किया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा, उप पुलिस अधीक्षक हरीश शर्मा, पुलिस चौकी चायल के जवानों सहित वाहिनी के विभिन्न रैंकों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने चायल के वन क्षेत्र में पर्यटकों द्वारा फेंकी गई शराब की बोतलों और अन्य कूड़े-कचरे को एकत्रित किया। कचरे को वाहिनी की ओर से उपलब्ध करवाए गए डस्टबिन में डालकर उचित निस्तारण के लिए ले जाया गया। इसके अलावा सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर बिखरे कूड़े को भी हटाकर क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया गया। इस दौरान पर्यटकों से बातचीत कर उन्हें पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। पर्यटकों से खुले में कूड़ा न फेंकने तथा अपने साथ लाए कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की गई।
स्वच्छता अभियान के दौरान वाहिनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।
समादेशक भूपेन्द्र नेगी ने कहा कि चायल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन की गरिमा के लिए भी आवश्यक है।
What's Your Reaction?
