यंगवार्ता न्यूज शिमला 10 जून, 2026 :
हिमाचल प्रदेश सरकार ने शून्य नामांकन वाले 20 सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया है। इन विद्यालयों में एक भी छात्र नामांकित नहीं था। वहीं 73 सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का तत्काल प्रभाव से विलय कर दिया है। इस संबंध में शिक्षा सचिव राकेश कंवर की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। सरकार का तर्क है कि स्कूलों के युक्तिकरण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराया जा सकेगा। साढ़े तीन साल में सरकार 1,350 स्कूलों को बंद और मर्ज कर चुकी है। अधिसूचना के अनुसार कुल 18 प्राथमिक और दो माध्यमिक विद्यालयों को डिनोटिफाई किया गया है। इनमें बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के स्कूल शामिल हैं। सर्वाधिक शिमला जिले में 10 विद्यालय बंद किए हैं। मंडी जिले में पांच विद्यालय बंद किए गए हैं। चंबा जिले में दो, बिलासपुर और कुल्लू में एक-एक विद्यालय बंद हुआ है। यह निर्णय राज्य में शिक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से लिया गया है।