ईएसआई अस्पताल के उद्घाटन से सिरमौर के इतिहास में जुड़ा स्वर्णिम अध्याय : डॉ. राजीव बिंदल

सिरमौर जिला के लिए 31 मई का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब कालाअंब क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए की लागत से बने 100 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक ईएसआई अस्पताल का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को इस चिकित्सा सौगात के लिए बधाई दी

May 31, 2025 - 14:24
 0  82
ईएसआई अस्पताल के उद्घाटन से सिरमौर के इतिहास में जुड़ा स्वर्णिम अध्याय : डॉ. राजीव बिंदल
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media

 
यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन  31-05-2025

सिरमौर जिला के लिए 31 मई का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब कालाअंब क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए की लागत से बने 100 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक ईएसआई अस्पताल का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को इस चिकित्सा सौगात के लिए बधाई दी। डॉ. बिंदल ने कहा कि यह अस्पताल गरीबों , श्रमिकों , कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए एक नई आशा की किरण बनकर आया है। अब कालाअंब, पांवटा साहिब और सिरमौर जिला के लगभग एक लाख लोगों को ईएसआई की स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही जिले में मिलेंगी। 
वर्षों से जिन मजदूरों और कर्मचारियों को इलाज के लिए बद्दी, बरोटीवाला या चंडीगढ़ जाना पड़ता था, अब उन्हें यह सुविधा कालाअंब में ही उपलब्ध होगी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बिंदल ने कहा कि सिरमौर का औद्योगिक विकास 1972 से शुरू हुआ और 2003 के बाद इसमें उल्लेखनीय प्रगति हुई। इसके पीछे सबसे बड़ा योगदान पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का है, जिनके औद्योगिक पैकेज से हिमाचल में रोजगार और विकास के नए द्वार खुले। डॉ. बिंदल ने गर्व पूर्वक बताया कि इस अस्पताल की स्वीकृति से लेकर शिलान्यास और भूमि पूजन तक भाजपा सरकार ने निरंतर प्रयास किए और आज यह सपना साकार हुआ। इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में सिरमौर की जनता को गहरी निराशा दी है। कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सीएचसी बंद कर दिए गए, जिससे हजारों मरीज स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हो गए। 
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार द्वारा स्वीकृत 261 करोड़ की लागत से सिरमौर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी कांग्रेस सरकार ने ढाई वर्षों से ठप कर रखा है, जो सिरमौर की जनता के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है। हिमकेयर योजना का जिक्र करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार ने लाखों गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस योजना को बंद कर गरीबों को गहरा आघात पहुंचाया। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कालाअंब क्षेत्र में उप तहसील और 5 नए पटवार सर्कल स्थापित किए गए थे, जिन्हें कांग्रेस सरकार ने बंद कर जनता की सुविधाएं छीन लीं। सीवरेज योजना भी पूरी तरह समाप्त कर दी गई, जिससे आज कालाअंब क्षेत्र गंदगी में तब्दील होता नजर आ रहा है। 
डॉ. बिंदल ने यह भी कहा कि बिजली दरों में भारी वृद्धि कर कांग्रेस सरकार ने औद्योगिक क्षेत्र को आर्थिक झटका दिया है, जिससे हजारों लोगों के रोजगार छिन गए हैं और भविष्य के रोजगार भी संकट में आ गए हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. बिंदल ने पुनः क्षेत्रवासियों को इस अस्पताल की सौगात के लिए बधाई दी और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया का विशेष आभार प्रकट किया। इस उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप , पूर्व मंत्री एवं विधायक सुखराम चौधरी , विधायक रीना कश्यप , पूर्व विधायक बलदेव तोमर , पूर्व जिलाध्यक्ष विनय गुप्ता , वर्तमान जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री , प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद ने सैंकड़ों नागरिकों के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली , जिससे देशभक्ति का वातावरण और भी प्रबल हो गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow