अक्तूबर के प्रथम पखवाड़े में किसान अपनाएं वैज्ञानिक कृषि सलाह, गेहूं-चना समेत सब्जियों की खेती पर जोर
चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर के प्रसार शिक्षा निदेशालय के कृषि एवं पशुपालन वैज्ञानिकों ने अक्तूबर माह के प्रथम पखवाड़े के लिए किसानों और पशुपालकों को विभिन्न कृषि एवं पशुपालन गतिविधियों को लेकर सलाह जारी की है। वैज्ञानिकों ने किसानों से क्षेत्र की भौगोलिक एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों के अनुसार इन सुझावों को अपनाने तथा अधिक जानकारी के लिए नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क करने का आग्रह किया है।
यंगवार्ता न्यूज - सिरमौर 1 अक्टूबर :
चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर के प्रसार शिक्षा निदेशालय के कृषि एवं पशुपालन वैज्ञानिकों ने अक्तूबर माह के प्रथम पखवाड़े के लिए किसानों और पशुपालकों को विभिन्न कृषि एवं पशुपालन गतिविधियों को लेकर सलाह जारी की है। वैज्ञानिकों ने किसानों से क्षेत्र की भौगोलिक एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों के अनुसार इन सुझावों को अपनाने तथा अधिक जानकारी के लिए नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क करने का आग्रह किया है।
गेहूं की समय पर करें बिजाई
सिरमौर सहित प्रदेश के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों के सिंचित एवं असिंचित क्षेत्रों में अक्तूबर के पहले पखवाड़े में गेहूं की अगेती किस्मों एचएस-542, एचपीडब्ल्यू-360 और वीएल-829 की बिजाई की जा सकती है। बीज की मात्रा 100 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर रखने की सलाह दी गई है। बिजाई से पहले बीज को बैविस्टिन 2.5 ग्राम, वीटावैक्स 2.5 ग्राम या रैक्सिल 1 ग्राम प्रति किलोग्राम बीज की दर से उपचारित करने को कहा गया है।
चना और राया की खेती पर भी ध्यान
चना उत्पादन के लिए अच्छे जल निकास वाली दोमट और रेतीली भूमि को उपयुक्त बताया गया है। चने की बिजाई का मुख्य समय मध्य अक्तूबर है। हिमाचल चना-1, हिमाचल चना-2, जीपीएफ-2 और एचपीजी-17 जैसी उन्नत किस्मों का चयन किया जा सकता है। वैज्ञानिकों ने बीज को बिजाई से पहले फफूंदनाशक से उपचारित करने तथा उचित गहराई और कतार दूरी रखने की सलाह दी है।
निचले पर्वतीय क्षेत्रों में राया की खेती शुद्ध अथवा गेहूं के साथ मिश्रित रूप में की जा सकती है। इसके लिए आरसीसी-4 और करण राई किस्में अनुमोदित हैं। राया की बिजाई के लिए प्रति हेक्टेयर छह किलोग्राम बीज तथा कतारों के बीच 30 सेंटीमीटर दूरी रखने की सलाह दी गई है।
सब्जियों की बिजाई और रोपाई का समय
निचले पर्वतीय क्षेत्रों में पालम त्रिलोकी, अरकल, वीएल-7 और मटर अगेता जैसी अगेती मटर किस्मों की बिजाई करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा लहसुन की जीएचसी-1 और सोलन सलेक्शन जैसी सुधरी प्रजातियों की रोपाई की जा सकती है।
इस दौरान पालक, मेथी, धनिया, मूली, गाजर और शलजम की बिजाई भी की जा सकती है। मध्यवर्ती पहाड़ी क्षेत्रों में फूलगोभी, बंदगोभी, गांठगोभी, चाईनीज बंदगोभी और ब्रॉकली की तैयार पौध की रोपाई करने की सलाह दी गई है। कसूरी मेथी की आईसी-74 तथा लहसुन की जीएचसी-1 आदि किस्मों की भी बिजाई की जा सकती है।
वैज्ञानिकों ने खेतों में लगी सब्जियों में नियमित रूप से निराई-गुड़ाई करने तथा आवश्यकता के अनुसार नत्रजन की मात्रा देने की सलाह दी है। आलू की फसल के लिए भी तापमान और जल प्रबंधन को महत्वपूर्ण बताया गया है।
फसल संरक्षण में रखें विशेष सावधानी
फूलगोभी और बंदगोभी आदि की स्वस्थ पौध तैयार करने के लिए क्यारियों की मिट्टी को बिजाई से लगभग 20 दिन पहले शोधित करने की सलाह दी गई है। कटुआ कीट की समस्या वाले खेतों में पौधरोपण के बाद अनुशंसित कीटनाशक का प्रयोग करने को कहा गया है।
मटर की बिजाई से पहले बीज उपचार करने से विभिन्न रोगों की रोकथाम में मदद मिलती है। तिलहनी फसलों में तेला की रोकथाम के लिए भी वैज्ञानिकों ने अनुशंसित कीटनाशकों का निर्धारित मात्रा में प्रयोग करने की सलाह दी है।
पशुपालक बदलते मौसम में रहें सतर्क
अक्तूबर में मैदानी क्षेत्रों में हल्की ठंड तथा पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगती है। पशुपालकों को बदलते मौसम के अनुसार पशुओं के चारे और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। भेड़-बकरी पालकों को फुट-रॉट रोग के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खुरों के बीच खून या पस निकलने अथवा पशु के लंगड़ाकर चलने पर तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करने को कहा गया है।
पशुपालकों को खुरपका-मुंहपका, लम्पी स्किन रोग, गलघोंटू, लंगड़ा बुखार और तीन दिन वाला बुखार जैसे संक्रामक रोगों से भी सावधान रहने तथा पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार समय पर टीकाकरण करवाने की सलाह दी गई है।
बारिश समाप्त होने के बाद पशुओं के पानी पीने और चारा डालने के स्थान, गौशाला तथा आसपास के क्षेत्र की सफाई करने को कहा गया है। पर्याप्त हरा चारा उपलब्ध होने पर उसे साइलेज के रूप में संरक्षित करने की सलाह दी गई है। ठंड से बचाव के साथ पशुओं को साफ गुनगुना पानी और प्रोटीन, विटामिन एवं खनिज युक्त संतुलित आहार देने पर भी जोर दिया गया है।
मछली पालकों को ऑक्सीजन और पानी प्रबंधन की सलाह
मछली पालकों को सुबह के समय तालाब में ताजा पानी डालने अथवा एरेटर का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इससे पानी में ऑक्सीजन का स्तर बनाए रखने और मछलियों के स्वास्थ्य में मदद मिलेगी। ताजे पानी की सुविधा नहीं होने पर तालाब के पानी को टुल्लू पंप के माध्यम से फव्वारे की तरह परिसंचरित किया जा सकता है।
तालाब में प्लवक की संख्या बढ़ाने के लिए जैविक खाद के रूप में गोबर तथा अकार्बनिक खाद के रूप में यूरिया और सुपर फॉस्फेट आदि का उपयोग किया जा सकता है। इससे मछलियों के प्राकृतिक आहार की उपलब्धता बढ़ने और कृत्रिम फीड पर होने वाले खर्च को कम करने में मदद मिल सकती है।
भोजन और घरेलू प्रबंधन पर भी जोर
गृह विज्ञान विशेषज्ञों ने परिवार के भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, दूध उत्पाद, मौसमी फल और मोटे अनाज शामिल करने की सलाह दी है। बरसात के बाद नमी को देखते हुए भोजन को ढककर रखने और बासी भोजन से बचने को कहा गया है। पीने के पानी को स्वच्छ एवं ढके बर्तन में रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है।
ऊनी कपड़ों, कंबलों और रजाइयों को धूप में सुखाकर साफ रखने के साथ मौसमी फलों और सब्जियों से अचार, चटनी, मुरब्बा, जैम, स्क्वैश, सूखी सब्जियां और पापड़ जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करने का सुझाव भी दिया गया है।
कृषि एवं पशुपालन विशेषज्ञों ने किसानों और पशुपालकों से अपने क्षेत्र की भौगोलिक एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों के अनुसार विशेष जानकारी के लिए नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए कृषि तकनीकी सूचना केंद्र (एटिक) पालमपुर के दूरभाष नंबर 01894-230395 अथवा टोल फ्री नंबर 1800-180-1551 पर संपर्क किया जा सकता है।
What's Your Reaction?
