केवीके चंबा द्वारा राष्ट्रव्यापी "खेत बचाओ अभियान" का सफल समापन

कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), चंबा द्वारा कृषि विभाग, आत्मा (ATMA) तथा अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से दिनांक 1 जून से 30 जून, 2026 तक आयोजित राष्ट्रव्यापी "खेत बचाओ अभियान" का सफलतापूर्वक समापन किया गया।

Jul 3, 2026 - 17:44
 0  3
केवीके चंबा द्वारा राष्ट्रव्यापी "खेत बचाओ अभियान" का सफल समापन
यंगवार्ता न्यूज चम्बा, 3 जुलाई, 2026 :
कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), चंबा द्वारा कृषि विभाग, आत्मा (ATMA) तथा अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से दिनांक 1 जून से 30 जून, 2026 तक आयोजित राष्ट्रव्यापी "खेत बचाओ अभियान" का सफलतापूर्वक समापन किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र, चंबा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. धर्मिंदर कुमार ने बताया कि इस एक माह तक चले अभियान के दौरान केवीके के वैज्ञानिकों तथा कृषि विभाग, आत्मा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की दो संयुक्त टीमों ने पूरे जिले में सक्रिय रूप से कार्य किया। अभियान के अंतर्गत 51 जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से जिले के लगभग 6,000 किसानों एवं अन्य हितधारकों तक पहुंच बनाई गई। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण, रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग में कमी लाना तथा वैज्ञानिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना था।
अभियान के दौरान किसानों को संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, समेकित कीट प्रबंधन (आईपीएम), मृदा परीक्षण तथा जैविक एवं प्राकृतिक कृषि आदानों के अधिकाधिक उपयोग के माध्यम से मृदा की उर्वरता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। यह अभियान "मिट्टी बचाओ, खेती बचाओ, किसान बचाओ" की थीम पर आधारित था, जिसका उद्देश्य किसानों को यह संदेश देना था कि स्वस्थ मिट्टी ही उत्पादक कृषि, सुदृढ़ किसान, बेहतर आजीविका तथा देश की दीर्घकालिक समृद्धि का आधार है। जागरूकता शिविरों, किसान संवादों एवं तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से किसानों को पर्यावरण-अनुकूल एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे कृषि उत्पादन के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow