जुन्गा स्कूल ने जिला स्तरीय अंडर-14 खेलों में लहराया परचम, हॉकी और फुटबाल में जिला विजेता
जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। रामपुर के दत्तनगर में आयोजित प्रतियोगिता में जुन्गा स्कूल की टीम ने हॉकी और फुटबाल में प्रथम स्थान हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि एथलेटिक्स में विद्यालय की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स में आयुष ने 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर दो स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर जुन्गा स्कूल के 13 छात्र खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। फुटबाल में कर्णवीर, वंश, आयुष, मोक्ष, रोशन, दीक्षित, दिव्यांश और नैतिक का चयन हुआ है। वहीं हॉकी में यश धीमान, अक्षु, दिव्यांश, विकास, रोशन, मोक्ष और आयुष ने राज्य स्तर के लिए स्थान बनाया है। हैंडबॉल में भी कार्तिक और कृतिक का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य महेश शर्मा, एसएमसी प्रधान एवं अन्य पदाधिकारियों ने सभी छात्र खिलाड़ियों तथा पीईटी रमा ठाकुर को बधाई दी है जिनके दिन रात अथक प्रयासों से यह मुकाम हासिल हुआ है । उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
What's Your Reaction?
