मंडप में पहुंचा पहला पति...दूसरी शादी रुकी, दूल्हा-दुल्हन मौके से फरार
कांगड़ा जिला के उपमंडल बैजनाथ के श्री चामुंडा मंदिर परिसर में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला की दूसरी शादी के दौरान उसका पहला पति मौके पर पहुंच गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से शादी समारोह बीच में ही रुक गया और दूल्हा-दुल्हन बिना फेरे लिए मौके से चले गए।
काँगड़ा 06 मई, 2026 :
कांगड़ा जिला के उपमंडल बैजनाथ के श्री चामुंडा मंदिर परिसर में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला की दूसरी शादी के दौरान उसका पहला पति मौके पर पहुंच गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से शादी समारोह बीच में ही रुक गया और दूल्हा-दुल्हन बिना फेरे लिए मौके से चले गए। जानकारी के अनुसार महिला की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि वैवाहिक विवाद के चलते मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी बीच महिला दूसरी शादी करने मंदिर पहुंची थी।
शादी की रस्में चल रही थीं कि तभी पहले पति को इसकी सूचना मिल गई और वह अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गया। अचानक उसे देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। विवाद बढ़ने पर पुलिस को बुलाने की बात कही गई, जिसके बाद दूल्हा-दुल्हन मौके से चले गए। पहले पति का आरोप है कि उसने पहले पालमपुर थाना में शिकायत की थी, जहां से उसे बैजनाथ थाना भेजा गया। वहीं बैजनाथ थाने में भी मामला पालमपुर का बताकर कार्रवाई नहीं की गई।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच दोनों मासूम बच्चों का भविष्य चिंता का विषय बना हुआ है। पारिवारिक विवाद का असर बच्चों पर भी पड़ता दिख रहा है।
What's Your Reaction?


