बड़ा हादसा टला : चंबा में भरमौर-हड़सर-कुगती रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस पर पहाड़ी से गिरे पत्थर
सवारियों से भरी एचआरटीसी की बस उस समय खाई में गिरने से बाल-बाल बची। जब कुगती से भरमौर जाते समय हड़सर के पास सांदी में बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया। वहां पर पहले से भूस्खलन हो रहा था, इस कारण सड़क के एक छोर पर पत्थर गिरे
यंगवार्ता न्यूज़ - चंबा 08-04-2026
सवारियों से भरी एचआरटीसी की बस उस समय खाई में गिरने से बाल-बाल बची। जब कुगती से भरमौर जाते समय हड़सर के पास सांदी में बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया। वहां पर पहले से भूस्खलन हो रहा था, इस कारण सड़क के एक छोर पर पत्थर गिरे हुए थे।
जिससे बचाते हुए चालक ने जैसे ही बस को दूसरी तरफ से निकाला तो अचानक टायर हवा में लटक गया। सवारियों में चीख पुकार मच गई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए उसी जगह बस को रोक दिया और सवारियों को नीचे उतरने के लिए कहा। इसके बाद खुद नीचे उतरकर हालात का जायजा लिया।
बस को चलाकर वहां से निकाल पाना नामुमकिन था। ऐसे में जेसीबी को बुलाकर बस को निकालने का निर्णय लिया गया है। एक घंटे के बाद जेसीबी वहां पहुंची। लोहे की तार से बस को बांध कर जेसीबी ने खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस तरह एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया।
बस में सफर करने वाले 20 से 25 लोग निजी वाहनों और पैदल ही अपने गंत्वय की तरफ रवाना हुए। सबके चेहरे पर एक ही खौफ था कि यदि बस नीचे गिर जाती तो शायद उनकी जान भी जा सकती थी।
फिलहाल चालक की समझदारी से उनकी जान बच गई। एचआरटीसी चंबा डिपो के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि कुगती से भरमौर की तरफ जा रही बस का अगला टायर सड़क से बाहर लटका। बस और यात्री सुरक्षित हैं। यह घटना सड़क पर हो रहे भूस्खलन के कारण हुई। फिलहाल बस को वहां से निकाल लिया गया है।
What's Your Reaction?




