हिमाचल में आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, 2 लोगों की मौत, घरों की छतें उड़ीं

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार तड़के गरज, आकाशीय बिजली चमकने, तेज हवाओं और अचानक तेज बारिश के कारण भारी तबाही मची जिससे पेड़ उखड़ गए, घरों, स्कूलों और गौशालाओं की छतें उड़ गईं, कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कई मवेशियों की मौत हो गई।

May 12, 2026 - 12:02
 0  33
हिमाचल में आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, 2 लोगों की मौत, घरों की छतें उड़ीं

शिमला 12 मई, 2026 : 

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार तड़के गरज, आकाशीय बिजली चमकने, तेज हवाओं और अचानक तेज बारिश के कारण भारी तबाही मची जिससे पेड़ उखड़ गए, घरों, स्कूलों और गौशालाओं की छतें उड़ गईं, कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कई मवेशियों की मौत हो गई। कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र के घालिंचा, घरयाल, कामेडा और कंडी गांवों में कम से कम पांच घरों और दस गौशालाओं की छतें उड़ गईं, जबकि शिमला और कांगड़ा में कुछ स्थानों पर पेड़ उखड़ने से बिजली की तारें क्षतिग्रस्त हो गईं। जलोरी दर्रे पर एक उखड़े हुए पेड़ के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई और वाहनों का आवागमन बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार, मंडी जिले के सुंदरनगर इलाके में पेड़ उखड़ने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि इसी इलाके के एक अन्य गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दर्जनों मवेशियों की मौत हो गई। कांगड़ा जिले के वृंदावन क्षेत्र में खराबी ठीक करते समय हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के एक लाइनमैन की अचानक बिजली आपूर्ति बहाल होने पर करंट लगने से मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि तेज हवाओं के कारण बैजनाथ उपमंडल के पापरोला और छोटा भंगाल इलाकों में भी भारी तबाही मची, जिससे पेड़ उखड़ गए, सड़कें अवरुद्ध हो गईं और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है और सामान्य स्थिति बहाल करने का काम तेजी से चल रहा है। तड़के राज्य के कई हिस्सों में मध्यम बारिश हुई।

वहीं, सुंदरनगर में हल्की बारिश दर्ज की गई। शिमला, जोत, मुरारी देवी, सुंदरनगर, भुंतर, जुब्बरहट्टी और कांगड़ा में गरज और आकाशीय बिजली चमकने की घटनाएं देखी गईं, जबकि सुंदरनगर, सेओबाग और बिलासपुर में 57-65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। वहीं, कुल्लू जिले के नग्गर के गांव में खरोहल में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। मृतक की पहचान बालकृष्ण निवासी नेपाल के रूप में हुई है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow