अब नहीं छूटेगी कोई परीक्षा, 'सिंगल एग्जाम कैलेंडर' लागू करवाने के लिए एनएसयूआई ने चलाया प्रदेशव्यापी डिजिटल हस्ताक्षर अभियान
हिमाचल प्रदेश के प्रतियोगी छात्रों एवं युवाओं को परीक्षाओं के दौरान आने वाली परेशानियों से निजात दिलाने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन हिमाचल प्रदेश ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल के नेतृत्व में संगठन प्रदेश में 'सिंगल एग्जाम कैलेंडर सिस्टम' लागू करवाने तथा अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले अथवा नजदीकी क्षेत्रों में परीक्षा केंद्र उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी डिजिटल हस्ताक्षर एवं सुझाव अभियान शुरू करने जा रहा है।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 27 नवंबर :
हिमाचल प्रदेश के प्रतियोगी छात्रों एवं युवाओं को परीक्षाओं के दौरान आने वाली परेशानियों से निजात दिलाने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन हिमाचल प्रदेश ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल के नेतृत्व में संगठन प्रदेश में 'सिंगल एग्जाम कैलेंडर सिस्टम' लागू करवाने तथा अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले अथवा नजदीकी क्षेत्रों में परीक्षा केंद्र उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी डिजिटल हस्ताक्षर एवं सुझाव अभियान शुरू करने जा रहा है।
प्रेस को जारी बयान में प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लोक सेवा आयोग राज्य चयन आयोग , स्कूल शिक्षा बोर्ड तथा प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा आयोजित की जाने वाली भर्ती एवं शैक्षणिक परीक्षाओं की तारीखों में आपसी समन्वय के अभाव में कई बार टकराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इसके अतिरिक्त कई बार प्रदेश की भर्ती परीक्षाएं उसी दिन निर्धारित कर दी जाती हैं, जिस दिन केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण परीक्षाएं जैसे SSC, CTET एवं UGC-NET आयोजित होती हैं। इसका सीधा नुकसान प्रदेश के उन हजारों युवाओं को उठाना पड़ता है, जो एक साथ विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर रहे होते हैं।
उन्होंने कहा कि एक सामान्य परिवार का युवा बड़ी मेहनत और आर्थिक संसाधन खर्च करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। कई बार एक ही दिन दो परीक्षाएं होने के कारण उसे मजबूरी में किसी एक परीक्षा को छोड़ना पड़ता है। वहीं, दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ और मानसिक तनाव बढ़ता है। यह समस्या प्रदेश के युवाओं के भविष्य से जुड़ी हुई है और इसका स्थायी समाधान होना आवश्यक है।
अनित जसवाल ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन इस विषय को लेकर माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जी के समक्ष एक विस्तृत मांगपत्र रखेगी। एनएसयूआई अपने मांग पत्र में एक अंतर-आयोग समन्वय व्यवस्था स्थापित करने की मांग करेगी जिसके माध्यम से सभी भर्ती आयोगों, शिक्षा बोर्ड एवं विश्वविद्यालयों की परीक्षा तिथियों में आपसी तालमेल सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही प्रदेश की सभी भर्ती परीक्षाओं के लिए वर्ष की शुरुआत में एक संयुक्त वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख परीक्षाओं के कैलेंडर को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित की जाएं। उन्होंने यह भी मांग उठाई कि चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू जैसे दूरदराज के क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले अथवा नजदीकी क्षेत्रों में ही परीक्षा केंद्र उपलब्ध करवाए जाएं। इसके लिए जिला स्तर के सरकारी महाविद्यालयों एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों की कंप्यूटर लैब का उपयोग किया जा सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री को आधिकारिक ज्ञापन सौंपने से पहले एनएसयूआई पूरे प्रदेश से प्रतियोगी छात्रों के वास्तविक अनुभव, परीक्षा तिथियों के टकराव से जुड़े मामले और उनके सुझाव एकत्रित करेगी। इसके लिए क्यूआर कोड आधारित गूगल फॉर्म के माध्यम से प्रदेशव्यापी डिजिटल हस्ताक्षर एवं सुझाव अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के सभी 12 जिलों में एनएसयूआई की कॉलेज इकाइयों और पुस्तकालयों के माध्यम से इस अभियान को विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। अभियान से प्राप्त सुझावों एवं आंकड़ों का विस्तृत दस्तावेज तैयार कर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं के हितों को प्राथमिकता दे रही है। एनएसयूआई छात्र समुदाय की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करवाने के लिए एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल ने प्रदेश के सभी प्रतियोगी छात्रों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हिमाचल प्रदेश का कोई भी मेहनती युवा केवल परीक्षाओं की तारीखों में टकराव या परीक्षा केंद्र की अधिक दूरी के कारण किसी अवसर से वंचित न रहे। युवाओं की इस आवाज को संगठित रूप से सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
What's Your Reaction?


