विधानसभा अध्यक्ष ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, द न्यूज रडार के तत्वावधान में आयोजित हुआ शाइनिंग स्टार अवार्ड्स कार्यक्रम

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि जिला चंबा प्रतिभा, प्राकृतिक संसाधनों तथा विकास की अपार संभावनाओं से समृद्ध है। भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम होने पर भी यहां के युवाओं की प्रतिभा, प्राकृतिक संपदा तथा जलविद्युत उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान ने चंबा को एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।

Jun 26, 2026 - 18:46
 0  4
विधानसभा अध्यक्ष ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, द न्यूज रडार के तत्वावधान में आयोजित हुआ शाइनिंग स्टार अवार्ड्स कार्यक्रम
यंगवार्ता न्यूज चंबा, जून 26 :
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि जिला चंबा प्रतिभा, प्राकृतिक संसाधनों तथा विकास की अपार संभावनाओं से समृद्ध है। भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम होने पर भी यहां के युवाओं की प्रतिभा, प्राकृतिक संपदा तथा जलविद्युत उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान ने चंबा को एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। विधानसभा अध्यक्ष आज द न्यूज रडार अंग्रेजी समाचार चैनल के तत्वावधान में पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के सभागार-दरबार हॉल में आयोजित शाइनिंग स्टार अवार्ड्स कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए बोल रहे थे।  उन्होंने इस दौरान जिला चंबा के दसवीं एवं बारहवीं कक्षा की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक नीरज नैय्यर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। 
कुलदीप सिंह पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि गुणवत्तायुक्त शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मानित किए गए अधिकांश विद्यार्थी सरकारी विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित हैं। यह जिले की प्रतिभा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था का प्रमाण है। 
विधानसभा अध्यक्ष ने साथ में यह भी कहा कि जिले के विद्यार्थी शिक्षा, प्रशासन, सेना तथा अन्य क्षेत्रों में निरंतर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर उत्कृष्टता की इस गौरवशाली परंपरा को आगे भी निरंतर बनाए रखेंगे तथा चंबा का नाम प्रदेश और देशभर में रोशन करते रहेंगे। उन्होंने अपने संबोधन में जिला में विकासात्मक गतिविधियों के लिए तैयार की गई कार्य योजना का भी उल्लेख किया। 
कुलदीप सिंह पठानिया ने द न्यूज रडार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है तथा अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने चैनल द्वारा भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को बढ़ाने के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 1 लाख रुपए की धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। 
कुलदीप सिंह पठानिया ने इस दौरान संस्था के हिम क्वेस्ट टैलेंट सर्च-2026 कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया।  विधायक नीरज नैय्यर ने कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निष्ठा और लगन के साथ अपना लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थी वर्ग को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अपनी रुचि के विषयों का चयन कर पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का सम्मान करते हुए जीवन में उच्च आदर्शों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इससे पहले द न्यूज रडार की ओर से सुनील चड्ढा ने स्वागत संबोधन रखते हुए  चैनल की ओर से पत्रकारिता एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी साझा की। 
 कार्यक्रम में पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के प्रशिक्षु चिकित्सकों ने अत्यंत खतरनाक मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) के दुष्प्रभावों की जानकारी को लेकर एक नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।  सदस्य निदेशक मंडल राज्य पथ परिवहन निगम एवं अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी सुरजीत भरमौरी, अध्यक्ष नगर परिषद भुवनेश्वरी कुमारी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल,पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, एसडीएम प्रियांशु खाती, प्राचार्य पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय डॉ. पंकज गुप्ता, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन साहित् विभिन्न विभागीय अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow