बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारतीय अर्थव्यवस्था पर राष्ट्रीय सम्मेलन 16-17 अक्टूबर को
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय, पांवटा साहिब में “बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारतीय अर्थव्यवस्था : अवसर एवं चुनौतियां” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 16 एवं 17 अक्टूबर 2026 को चैंबर ऑफ कॉमर्स, गोंदपुर, पांवटा साहिब में किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन अर्थशास्त्र विभाग द्वारा वाणिज्य विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।
सम्मेलन में अर्थशास्त्र, वाणिज्य, प्रबंधन, सार्वजनिक नीति, राजनीतिक अर्थव्यवस्था, पर्यावरणीय स्थिरता एवं सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अंतर्विषयक चर्चा की जाएगी। भारतीय अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक परिवर्तन, समावेशी विकास, सार्वजनिक नीति एवं शासन, हरित अर्थव्यवस्था, सतत विकास, उद्यमिता, कृषि एवं ग्रामीण विकास, पर्यटन एवं हिमालयी अर्थव्यवस्था, महिला एवं सामाजिक समावेशन तथा डिजिटल अर्थव्यवस्था सम्मेलन के प्रमुख विषय होंगे। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, विकसित भारत@2047, आत्मनिर्भर भारत, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल इंडिया, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, महिला सशक्तीकरण एवं युवाओं की आर्थिक भागीदारी जैसे समकालीन विषयों पर भी विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में प्रो. (डॉ.) महावीर सिंह, कुलपति, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। वहीं डॉ. सुनीता सिंह, उच्च शिक्षा निदेशक, हिमाचल प्रदेश 17 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह की मुख्य अतिथि होंगी।
सम्मेलन में प्रतिष्ठित शिक्षाविदों द्वारा मुख्य व्याख्यान प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें प्रो. (डॉ.) ए.डी.एन. बाजपेयी, अध्यक्ष, भारतीय आर्थिक संघ एवं कुलपति, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ बिलासपुर, झारखंड, प्रो. (डॉ.) सी. एल. चंदन, पूर्व कुलपति, सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी; तथा प्रो. (डॉ.) मदन लाल, वाणिज्य विभाग, दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, दिल्ली विश्वविद्यालय प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से आमंत्रित विशेषज्ञ भी सम्मेलन की अकादमिक चर्चाओं को समृद्ध करेंगे। इनमें प्रो. एन.एस. बिष्ट, सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं निदेशक, जनसंख्या अनुसंधान केंद्र, शिमला; प्रो. (डॉ.) संजीत एस. ठाकुर, डीन, स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज, केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश, धर्मशाला; प्रो. (डॉ.) एन.एस. पटनायक, भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), जम्मू; डॉ. विनायक डी. चव्हाण, निदेशक, One Earth Carbon Solution Ltd., लंदन; डॉ. हरप्रीत सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, अर्थशास्त्र, पंजाब विश्वविद्यालय; डॉ. सरजीत सिंह, अर्थशास्त्र विभाग, पंजाब विश्वविद्यालय, पटियाला; डॉ. प्रेम प्रकाश भारद्वाज, सेवानिवृत्त प्राचार्य, उच्च शिक्षा विभाग; डॉ. राम लाल शर्मा, सेवानिवृत्त प्राचार्य, उच्च शिक्षा विभाग तथा डॉ. ख्याल सिंह, सहायक आचार्य, भूगोल, HIPA, शिमला शामिल हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं सम्मेलन के संरक्षक डॉ. जगदीश चौहान ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय सम्मेलन विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों और विशेषज्ञों के साथ संवाद का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में भारतीय अर्थव्यवस्था की संभावनाओं और चुनौतियों को समझने के लिए इस प्रकार का अंतर्विषयक विमर्श महत्वपूर्ण है।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य अकादमिक सहयोग, मौलिक एवं अंतर्विषयक शोध तथा ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। सम्मेलन में होने वाले विचार-विमर्श से भारत के आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति, पर्यावरणीय स्थिरता एवं समावेशी विकास से संबंधित उपयोगी सुझाव एवं नीतिगत दृष्टिकोण सामने आने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?


