शिक्षा मंत्री ने सरकीधार में 3.29 करोड़ रुपए लागत के स्कूल भवनों व पंचायत घर का किया शिलान्यास

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज बल्ह विधानसभा क्षेत्र के सरकीधार में लगभग 03 करोड़ 29 लाख से निर्मित होने वाले सरकीधार उच्च और प्राथमिक विद्यालय भवनों तथा पंचायत घर सरकीधार के भवन का विधिवत शिलान्यास किया

Feb 25, 2026 - 15:29
 0  11
शिक्षा मंत्री ने सरकीधार में 3.29 करोड़ रुपए लागत के स्कूल भवनों व पंचायत घर का किया शिलान्यास
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

गुरूकोठा और गागल स्कूल को दूसरे चरण में सीबीएसई से संबद्ध करने पर होगा विचार : रोहित ठाकुर

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी  25-02-2026

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज बल्ह विधानसभा क्षेत्र के सरकीधार में लगभग 03 करोड़ 29 लाख से निर्मित होने वाले सरकीधार उच्च और प्राथमिक विद्यालय भवनों तथा पंचायत घर सरकीधार के भवन का विधिवत शिलान्यास किया। रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2023 और 2025 में प्राकृतिक आपदा का केंद्र जिला मंडी रहा था, जिसमें जान-माल का अत्याधिक नुकसान हुआ, वहीं शिक्षा विभाग भी इससे अछूता न रहा और कई विद्यालयों के भवनों सहित अन्य संपदा को नुकसान पहुंचा। 

यह स्कूल भी इस दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रभावितों को त्वरित राहत पहुंचाने के साथ ही नुकसान की भरपाई के हरसंभव प्रयास किए गए। शिक्षा विभाग के माध्यम से लगभग 27 करोड़ 61 लाख रूपए की धन राशि पुनर्बहाली कार्यों के लिए उपलब्ध करवाई गई। 

उन्होंने बताया कि राजकीय उच्च पाठशाला सरकीधार के नए भवन के निर्माण पर लगभग एक करोड़ 40 लाख रुपए तथा प्राथमिक विद्यालय सरकीधार के नए भवन पर 74.68 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पंचायत घर सरकीधार का निर्माण पर लगभग 01 करोड़ 14 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। 
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में आई आपदा में उक्त स्कूल क्षतिग्रस्त हो गया था जिसे असुरक्षित घोषित किया गया था। 

इस समय बच्चों की पढ़ाई निजी भवन में करवाई जा रही है। इस मौके पर उन्होंने स्थानीय निवासी चमन लाल और दिनेश को सम्मानित भी किया जिन्होंने अपने भवन इन स्कूलों के अस्थायी रूप से संचालन के लिए प्रदान किए हैं। रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए कई कदम उठा रही है।

गत दो वर्षों में शिक्षा विभाग के तहत 07 हजार से अधिक अध्यापक नियुक्त किए गए जबकि 04 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा 600 पद सीबीएससी से संबद्ध स्कूलों के लिए भरे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में प्रदेश में 148 राजकीय पाठशालाओं को सीबीएसई से संबद्ध किया जा रहा है। उन्होंने बल्ह विधानसभा क्षेत्र के गुरूकोठा और गागल स्कूल को दूसरे चरण में सीबीएसई से संबद्ध करने का आश्वासन भी दिया। 

पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के नेतृत्व में शिक्षा विभाग में मूलभूत सुधार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सीबीएसई स्कूल खोलने का जो निर्णय लिया, वह सराहनीय है। उन्होंने रिवालसर और भंगरोटू स्कूलों को सीबीएसई में शामिल करने के लिए आभार जताया और गुरुकोठा व गागल स्कूलों को भी इसमें शामिल करने का आग्रह किया।

इस मौके पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल, पूर्व विधायक तिलकराज, एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर, एसडीएम स्मृतिका नेगी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण डी.आर. चौहान, अधिशाषी अभियंता ग्रामीण विकास आर.के. राणा, आर्किटेक्ट विवेक शर्मा, उपनिदेशक तथा स्कूल के हेड मास्टर लीलाधर सहित अन्य उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow