सत्ता में रहते हुए पांच साल खर्राटे मारकर सोते रहे पूर्व सीएम आम जनता का लुटाते रहे पैसा : सुक्खू
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सत्ता में रहते हुए पांच साल खर्राटे मारकर सोते रहे और आम जनता का पैसा लुटाते रहे। उनके कार्यकाल में पेपर तक बिकते रहे, प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ता गया। प्रदेश के लोगों के हितों की रक्षा करने के बजाय जमकर खिलवाड़ किया
यंगवार्ता न्यूज़ - बिलासपुर 22-05-2024
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सत्ता में रहते हुए पांच साल खर्राटे मारकर सोते रहे और आम जनता का पैसा लुटाते रहे। उनके कार्यकाल में पेपर तक बिकते रहे, प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ता गया। प्रदेश के लोगों के हितों की रक्षा करने के बजाय जमकर खिलवाड़ किया। जिसका जवाब प्रदेश की जनता ने विधानसभा चुनाव में दिया।
यह बात मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घुमारवीं के बद्धाघाट में आयोजित जनसभा में कही। सीएम ने कहा कि जयराम के भ्रष्टाचार के अंत के बाद सत्ता परिवर्तन हुआ और लोगों ने कांग्रेस की सरकार बनाई।
सरकार बनने के बाद जब आम परिवार से निकला हुआ व्यक्ति प्रदेश का मुख्यामंत्री बनता है तो उसके दिल में आम जनता का दर्द और सेवा का भाव होता है। जब भाजपा की सरकार थी तब आमजन को अपने कार्य करवाने के लिए अधिकारियों के पीछे दौड़ना पड़ता था। लेकिन आज अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जनता के कार्य प्राथमिकता के तौर पर होने चाहिए।
सुक्खू ने कहा कि हम सत्ता में सत्ता सुख के लिए नहीं बल्कि आम जनता के सेवा करने के लिए आए हैं। व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं। ऐसी व्यवस्था जिसमें किसान के हाथ पैसा हो, महिलाएं आत्मनिर्भर बने, युवा सशक्त हो और आमजन सुखी हो। इस प्रकार का कार्य करने का काम प्रदेश सरकार कर रही है।
What's Your Reaction?