कृषि उपज मंडी समितियों के तहत आने वाली करीब 89 मंडियों को लेकर नई अधिसूचना जारी
हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने प्रदेश में कृषि उपज मंडी समितियों (एपीएमसी) के तहत आने वाली करीब 89 मंडियों को लेकर नई अधिसूचना जारी
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 04-02-2026
हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने प्रदेश में कृषि उपज मंडी समितियों (एपीएमसी) के तहत आने वाली करीब 89 मंडियों को लेकर नई अधिसूचना जारी की है।
यह निर्णय बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में पारित प्रस्ताव के आधार पर लिया गया है। यह अधिसूचना हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक एवं सदस्य सचिव हेमिस नेगी की ओर से जारी की गई है।
अधिसूचना के अनुसार बोर्ड ने बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों में स्थित इन मंडियों को प्रधान मंडी यार्ड, मंडी यार्ड, उप मंडी यार्ड और मार्केट यार्ड के रूप में घोषित किया है।
बिलासपुर जिले में बिलासपुर को प्रधान मंडी यार्ड, घुमारवीं, नम्होल, झंडूता, शाहतलाई, जुखाला, निहाल और माजरी को उप मंडी यार्ड घोषित किया गया है। चंबा जिले में चंबा को प्रधान मंडी यार्ड बनाया गया है। हमीरपुर जिले में दोसड़का हमीरपुर को प्रधान मंडी यार्ड, नादौन, जाहू और सुजानपुर को उप मंडी यार्ड का दर्जा दिया गया है।
कांगड़ा जिले में कांगड़ा को प्रधान मंडी यार्ड घोषित किया गया है, जबकि बैजनाथ में सब मार्केट यार्ड, पालमपुर, ज्वालाजी, बैजनाथ, ज्वाली, फतेहपुर, धर्मन (छोटा भंगाल), नगरोटा बगवां, गुलेर, ढलियारा, रियाली, मिलवां को उप मंडी यार्ड और धर्मशाला के पासू को मंडी यार्ड अधिसूचित किया गया है।
शिमला जिले में ढली को प्रधान मंडी यार्ड बनाया गया है। कोटी, नेरवा, रामपुर, ठियोग, खड़ापत्थर, टुटू, पुलबाहल और शिलारू उप मार्केट यार्ड, पराला, रोहडू़, भट्टाकुफर और मेहंदली में मार्केट यार्ड अधिसूचित किए गए हैं। किन्नौर जिले में टापरी और प्लींगी को उप मंडी यार्ड का दर्जा दिया गया है।
सिरमौर जिले में पांवटा साहिब प्रधान मार्केड यार्ड, नाहन मार्केट यार्ड, ददाहू, सराहन, बागथन, सतौन, राजगढ़, खेरी, भगानी, घंडूरी और नौहराधार उप मार्केट यार्ड अधिसूचित हुए हैं। सोलन जिले में सोलन और ऊना जिले में ऊना को प्रधान मंडी यार्ड घोषित किया गया है। सोलन के परवाणू को टर्मिनल मार्केट यार्ड के रूप में अधिसूचित किया गया है।
इसके अलावा धर्मपुर, नालागढ़, वाकनाघाट, चक्की का मोड़, बनागली, रामशहर, साधुपुल, जगजीतनगर, कंडाघाट, अर्की, कुनिहार और सपरून को उप मंडी यार्ड बनाया गया है। ऊना जिले में संतोषगढ़ को मार्केट यार्ड, बंगाणा, टकारला, ऊना के रामपुर और बड़शाली को उप मार्केट यार्ड अधिसूचित किया गया है।
What's Your Reaction?

