प्रदेश के सभी नशा मुक्ति केंद्रों की सघनता से जांच करवाएगी सरकार : अग्निहोत्री

हिमाचल प्रदेश सरकार सभी नशा मुक्ति केंद्रों की जांच सघनता से करवाएगी। जांच की विस्तृत रिपोर्ट बजट सत्र में सदन पटल पर रखी जाएगी। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यह जानकारी गुरुवार को सदन में दी

Dec 21, 2023 - 19:44
 0  6
प्रदेश के सभी नशा मुक्ति केंद्रों की सघनता से जांच करवाएगी सरकार : अग्निहोत्री

यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला      21-12-2023

हिमाचल प्रदेश सरकार सभी नशा मुक्ति केंद्रों की जांच सघनता से करवाएगी। जांच की विस्तृत रिपोर्ट बजट सत्र में सदन पटल पर रखी जाएगी। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यह जानकारी गुरुवार को सदन में दी। 

विधायक सुखराम चौधरी और कुलदीप राठौर के हिमाचल में नशे के बढ़ते कारोबार पर लाए गए संकल्प पर चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार चिट्टे के खात्मे के लिए कृत संकल्प है। 

उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ हिमाचल में मुहीम को और प्रभावी बनाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में 500 और जवानों की तैनाती की जाएगी। सदन में सभी सदस्यों ने नशे के खिलाफ इस संकल्प को आम सहमति से पारित कर स्वीकार किया।

इससे पहले गैरसरकारी सदस्य दिवस पर पांवटा के भाजपा विधायक सुखराम चौधरी और ठियोग के कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार, प्रदेश की सीमाओं पर इसकी रोकथाम और कानून को सुदृढ़ करने के लिए नीति बनाने का संकल्प प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

ऊना के भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कई बार नेता भी नशे को प्रश्रय देते हैं। जिनके पास कोई काम नहीं है, ऐसे युवा चपेट में आ रहे हैं। जिनको गुस्सा आता हो, ऐसे अधिकारी होने चाहिए। जिसे गुस्सा न आता हो, वे किसी काम के नहीं हैं। 

सीमावर्ती क्षेत्रों पर अच्छे अधिकारी नियुक्त होने चाहिए। नशे के तस्करों को जेलों में डाला जाना चाहिए। सरकार कम से कम रोटियां तो खिला ही सकती है। जेल में चिट्टा तो नहीं लेंगे। देश की युवा पीढ़ी नशे में पड़ गई तो तबाही हो जाएगी। आज पंजाब के लोग या तो विदेश में हैं या नशे में फंस गए हैं।

ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि नशा पाकिस्तान सीमा और दिल्ली से भी आ रहा है। दिल्ली में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री हैं, फिर भी इसे वहां नहीं रोका जा रहा। केंद्र सरकार की भी इस पर अंकुश लगाने में मदद होनी चाहिए। पाकिस्तान से आने वाले नशे पर तो अंकुश लगा रहे हैं।

गुरुवार को सदन में राठौर ने कहा कि 23 अक्तूबर को एनआईटी हमीरपुर में एक छात्र की नशे की ओवरडोज से मृत्यु हो गई। ऐसी बहुत सी घटनाएं रिपोर्ट नहीं हो रही हैं।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow