गुणात्मक शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर बल दे रही हिमाचल सरकार : शिक्षा मंत्री

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज चौपाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनैर के नवनिर्मित विद्यालय ब्लॉक का लोकार्पण किया। नवनिर्मित मेहर सिंह चौहान ब्लॉक का निर्माण पूर्व विधायक ठियोग विधानसभा क्षेत्र मेहर सिंह चौहान की याद में उनके परिवार द्वारा किया गया है

Nov 9, 2024 - 17:10
 0  30
गुणात्मक शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर बल दे रही हिमाचल सरकार : शिक्षा मंत्री
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  09-11-2024

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज चौपाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनैर के नवनिर्मित विद्यालय ब्लॉक का लोकार्पण किया। नवनिर्मित मेहर सिंह चौहान ब्लॉक का निर्माण पूर्व विधायक ठियोग विधानसभा क्षेत्र मेहर सिंह चौहान की याद में उनके परिवार द्वारा किया गया है। शिक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मनीषा चौहान फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं समाजसेवी मनीषा चौहान तथा उनके परिवार की यह एक महत्वपूर्ण पहल है। भवन के निर्माण से यहां के छात्रों को इसका अवश्य रूप से लाभ मिलेगा। उन्होंने इस नेक कार्य के लिए परिवारजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज हमारा प्रदेश दिन प्रतिदिन विकास के पथ पर अग्रसर है। 
इस विकास की नींव में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ यशवंत सिंह परमार, ठाकुर राम लाल एवं वीरभद्र सिंह का बहुत बड़ा योगदान रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सड़कों के सुदृढ़ीकरण में इन विभूतियों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की रफ्तार को जारी रखने के लिए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को इन योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गुणात्मक शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर बल दिया जा रहा है ताकि दूर दराज के क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा मुहैया हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में अकेले शिक्षा विभाग को 15 हजार पदों को भरने की अनुमति प्राप्त हुई है जिससे दुर्गम क्षेत्रों में रिक्त पद पूर्ति होगी। 
उन्होंने कहा कि बैचवाइज के माध्यम से टीजीटी एवं जेबीटी के लगभग 3200 पदों को भरा गया है। प्रधानाचार्यों के खाली पदों को भरा गया है। 700 से अधिक पीजीटी के पदों को जल्द नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे ताकि दुर्गम क्षेत्रों में अध्यापकों की कमी दूर हो सके। इसके अतिरिक्त 6200 के लगभग एनटीटी के पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा के सुधारीकरण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनेकों कदम उठाए जा रहे है। प्रथम कक्षा से ही अंग्रेजी विषय को अनिवार्य किया गया है। शैक्षणिक सत्र के दौरान शिक्षकों के तबादलों को बंद किया गया है। एक्सपोजर विजिट पर शिक्षकों एवं छात्रों को विदेश भेजने का प्रावधान किया गया है। इस अवसर पर विधायक चौपाल बलवीर वर्मा एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमिटी महासचिव रजनीश किमटा ने भी अपने संबोधन प्रस्तुत किए। 
मनीषा चौहान फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं समाजसेवी मनीषा चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में पूर्व विधायक मेहर सिंह चौहान को याद किया तथा स्कूल के इतिहास से अवगत करवाया। इस अवसर पर राणा बलसन विक्रम, समाजसेवी केशव चौहान, मंडल अध्यक्ष जुब्बल कोटखाई मोतीलाल डेरटा , रणधीर वर्मा, दौलत राम वर्मा , उपमंडल दण्डाधिकारी ठियोग मुकेश शर्मा, डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा, उप निदेशक शिक्षा विभाग चंद्र भूषण, नाहर सिंह चौधरी, प्रताप चौहान, साध राम, कृष्ण शर्मा, रंजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow