प्रदेश में भूस्खलन से 135 सड़कें ठप, 132 बिजली ट्रांसफार्मर समेत पेयजल की 54 स्कीमें बाधित
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में बारिश का कहर लगातार जारी है। राजधानी शिमला में भी आज सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। जगह-जगह भूस्खलन के चलते गुरुवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में एक नेशनल हाईवे सहित 135 सड़कें यातायात के लिए ठप
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 29-08-2024
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में बारिश का कहर लगातार जारी है। राजधानी शिमला में भी आज सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। जगह-जगह भूस्खलन के चलते गुरुवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में एक नेशनल हाईवे सहित 135 सड़कें यातायात के लिए ठप थीं। एक पुल भी बाधित है।
राज्य में 132 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हैं। इससे कई भागों में बिजली आपूर्ति ठप है। इसके अतिरिक्त 54 जल आपूर्ति स्कीमें भी ठप पड़ी हैं। सबसे ज्यादा सेवाएं, शिमला, मंडी, कुल्लू व सिरमौर जिले में प्रभावित हैं। बारिश के चलते भूस्खलन से निगुलसरी में रामपुर-किन्नौर एनएच-पांच ठप है।
राजधानी शिमला में भारी बारिश से कई जगह भूस्खलन हुआ है। कई भवनों को भी नुकसान हुआ है। चक्कर सड़क पर भी भूस्खलन हुआ है। यहां लगातार मलबा गिर रहा है। ऐसे में लोअर हिमाचल के लिए आवाजाही ठप हो सकती है। गुरुवार सुबह से यहां वाहनों की आवाजाही रुक-रुककर हुई। वहीं,
शिमला के शोघी में हिमुडा कॉलोनी के पास एनएच-पांच का 110 फुट हिस्सा धंस गया है। सड़क पर चार इंच मोटी दरारें पड़ गई हैं। इससे सड़क के कभी भी ढहने का खतरा पैदा हो गया है। सड़क के किनारे पत्थर लगाए गए हैं और एकतरफा आवाजाही हो रही है। सड़क धंसने से पेयजल पाइपलाइन भी टूट गई है। इससे भी सड़क के नीचे पानी रिस रहा है।
पेयजल लाइन टूटने ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और सरकारी अस्पताल शोघी समेत 10 घरों को पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। राजधानी में भारी बारिश के कारण बुधवार देर शाम रिच माउंट-नवबहार सड़क मच्छी वाली कोठी के पास धंस गई। वाहनों की आवाजाही ठप है।
वीरवार सुबह लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह व नगर निगम मेयर सुरेंद्र चौहान ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया। निगुलसरी में एनएच-पांच पर भूस्खलन से जिले के हजारों लोगों को परेशानियां का सामना करना पड़ रहा है। ऊपरी पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन से एनएच को बहाल करना चुनौती बना हुआ है।
What's Your Reaction?