प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर के कपाट ग्रहण काल के दौरान श्रद्धालुओं के लिए रहेंगे बंद
3 मार्च 2026 को लगने वाले चंद्र ग्रहण के मद्देनजर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर के कपाट ग्रहण काल के दौरान श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे
यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 01-03-2026
3 मार्च 2026 को लगने वाले चंद्र ग्रहण के मद्देनजर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर के कपाट ग्रहण काल के दौरान श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे।
त्रिलोकपुर मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर के कपाट प्रातः 6 बजकर 10 मिनट से बंद कर दिए जाएंगे। ग्रहण मोक्ष के पश्चात शाम 6 बजकर 47 मिनट पर कपाट पुनः खोल दिए जाएंगे। इस अवधि में मंदिर में किसी भी प्रकार के दर्शन, पूजा-अर्चना, भोग अथवा अन्य धार्मिक अनुष्ठान की अनुमति नहीं होगी।
उल्लेखनीय है कि त्रिलोकपुर स्थित मां बाला सुंदरी मंदिर उत्तर भारत की प्रमुख सिद्धपीठों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा पूर्व सूचना जारी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण काल को अशुद्ध समय माना जाता है। इसी कारण इस दौरान मंदिरों में नियमित पूजा-पाठ स्थगित कर दिया जाता है। ग्रहण समाप्त होने के बाद विधि-विधान से शुद्धिकरण, तर्पण एवं विशेष पूजा संपन्न की जाती है, जिसके उपरांत ही श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जाती है।
एसडीएम नाहन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 3 मार्च को मंदिर आने से पूर्व समय-सारिणी की जानकारी अवश्य लें। सुबह से शाम तक मंदिर बंद रहने के कारण दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु अपनी यात्रा की योजना उसी अनुरूप बनाएं।
What's Your Reaction?



