वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों के हर वर्ग के कल्याण और समावेशी विकास के प्रति वचनबद्ध : नेगी

राजस्व बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जनजातीय जिला किन्नौर के प्रवास के पहले दिन निचार उपमंडल की ग्राम पंचायत रामणी का दौरा किया तथा रामणी पंचायत के लिए 32 लाख 36 हजार रूपए की राशि से बनने वाली जल आपूर्ति योजना का शिलान्यास किया

Aug 2, 2024 - 20:10
Aug 2, 2024 - 21:45
 0  19
वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों के हर वर्ग के कल्याण और समावेशी विकास के प्रति वचनबद्ध : नेगी

रामणी पंचायत के लिए 32 लाख 36 हजार रूपए की राशि से बनने वाली जल आपूर्ति योजना का शिलान्यास किया

यंगवार्ता न्यूज़ - रिकांग पिओ     02-08-2024   

राजस्व बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जनजातीय जिला किन्नौर के प्रवास के पहले दिन निचार उपमंडल की ग्राम पंचायत रामणी का दौरा किया तथा रामणी पंचायत के लिए 32 लाख 36 हजार रूपए की राशि से बनने वाली जल आपूर्ति योजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय रामणी के अतिरिक्त भवन का शिलान्यास भी किया।

जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने देवता सत्य नारायण मंदिर परिसर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों के हर एक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है और समावेशी विकास के प्रति वचनबद्ध है। उन्होंने बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006 भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार की देन है जिससे जनजातीय लोगों को वनों में सामुदायिक भागीदारी का अधिकार प्राप्त हुआ है और ग्रामीण लोगों को वनों से जीवन यापन करने में सहायता प्राप्त हुई है। 

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कर्मचारी कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं और इसी कड़ी के तहत कांग्रेस सरकार ने पुरानी पेंशन योजना लागू की तथा 01 लाख 37 हजार कर्मचारियों को लाभ प्रदान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरने का कार्य कर रही है। 

ताकि सरकारी कार्य प्रणाली और अधिक शीघ्रता से आगे बढ़े और प्रदेश की आर्थिकी सुदृढ़ हो सके। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के ढांचे को मज़बूत करने के लिए 6 हजार शिक्षकों की भर्ती की गई है जिससे अब निर्धन एवं उपेक्षित वर्गों के बच्चों को उनके घर-द्वार के निकट बेहतर शिक्षा उपलब्ध होगी। 

बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बागवानों के उत्थान एवं विकास के प्रति निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के बागवानों के हितों को रक्षा के तहत सकारात्मक दृष्टिकोण को अपनाते हुए प्रदेश सरकार द्वारा यूनिवर्सल कार्टन लागू किया गया है जिससे लघु एवं सीमान्त बागवानों को लाभ प्राप्त होगा।

जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य सुखदेव नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। इस दौरान स्थानीय महिला मण्डलों ने रंगा-रंग सांस्कृतिक प्रस्तुति भी प्रस्तुत की और जनजातीय जिला किन्नौर की लोक-संस्कृति से सभी को रू-ब-रू करवाया। 

इसके उपरान्त राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने जानी गांव का दौरा किया तथा देवता मंदिर के प्रागंण में जनसभा को सम्बोधित करते हुए वर्तमान राज्य सरकार की विकास की प्राथमिकता की प्रतिबद्धता को दोहराया। लोकसभा चुनाव-2024 के परिणामों ने दर्शाया है कि आम जनता ने लोकतंत्र एवं भारतीय संविधान की सुरक्षा के लिए मतदान किया है। 

उन्होंने बताया कि प्रदेश सहित जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ किया जा रहा है जिसके तहत प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाई आरंभ कर दी गई है ताकि प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्राप्त हो सके। 

इसके उपरान्त जनजातीय विकास मंत्री ने पूनंग गांव का भी दौरा किया तथा जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी विकासात्मक कार्यों को पूर्ण करने के लिए वह प्रतिबद्ध है तथा प्रदेश सहित जनजातीय जिलों का समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। 

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मीरा नेगी, राज्य कांग्रेस सचिव प्रताप नेगी, जनजातीय सलाहकार सदस्य सुखदेव नेगी, ब्लॉक कांगेस अध्यक्ष बीर सिंह नेगी, जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत नेगी, रामणी पंचायत की प्रधान सुनिता नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी, अधिशाषी अभियन्ता जल शक्ति अभिषेक शर्मा, डाईट के प्रधानाचार्य कुलदीप नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow