देहरा के चुनाव में वोट चोरी के लिए सुक्खू सरकार ने लांघी सारी मर्यादाएं  : जयराम ठाकुर 

धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुख की सरकार के नाम से व्यवस्था परिवर्तन वाली सरकार चलाने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को 3 साल के कार्यकाल में सिर्फ दुख ही दुख दिए

Oct 31, 2025 - 20:41
 0  4
देहरा के चुनाव में वोट चोरी के लिए सुक्खू सरकार ने लांघी सारी मर्यादाएं  : जयराम ठाकुर 

मुख्यमंत्री ने झूठ बोलकर निकाला सुख की सरकार का गोल्डन पीरियड 

मित्रों का भला, सत्ता समर्थित भ्रष्टाचार, विकास परियोजनाओं में अड़ंगा और तालाबाजी सरकार की उपलब्धि 

देश और हिमाचल सरदार पटेल का कृतज्ञ, एक भारत श्रेष्ठ भारत उनका सपना

यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला   31-10-2025

धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुख की सरकार के नाम से व्यवस्था परिवर्तन वाली सरकार चलाने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को 3 साल के कार्यकाल में सिर्फ दुख ही दुख दिए हैं। सरकार का 3 साल का कार्यकाल परिवार और मित्रों के भले के लिए ही समर्पित रहा है। 

इस कार्यकाल में सरकार द्वारा सत्ता समर्थित भ्रष्टाचार, अराजकता, माफियाराज को संरक्षण मिला जिसकी कीमत पूरे प्रदेश के लोग चुका रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के लोग आपदा से जूझ रहे हैं, बेघर है, अपने रिश्तेदारों के यहां शरण ली है। उनका भला करने की बजाय मुख्यमंत्री बिहार के चुनाव में प्रचार करने में जुटे हैं। 

जब मानसून सत्र के दौरान विधानसभा में विपक्ष के दबाव में आपदा पर चर्चा हो रही थी तो भी मुख्यमंत्री बिहार में ही थे और वोट चोरी का अभियान चला रहे थे। जबकि हकीकत यह है कि देहरा के उपचुनाव में अपनी पत्नी को जिताने के लिए उन्होंने वोटो की डकैती के लिए जो कुछ कर सकते थे,  वह किया। देहरा समेत अन्य उपचुनाव में मुख्यमंत्री ने सरकार के दुरुपयोग की सारी सीमाएं लांघ दी और संविधान की जमकर धज्जियां उड़ाई। 

विधानसभा के नियमों का भी अपमान किया। विधानसभा में जब देहरा में महिला मंडलों को कांगड़ा कोऑपरेटिव बैंक द्वारा दिए गए आर्थिक सहयोग का विवरण और कारण पूछा गया तो सरकार ने जानकारी जुटाने का हवाला दिया। जबकि आर लटीआई के माध्यम से वही सूचना अन्य लोगों द्वारा प्राप्त की जा चुकी थी। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने 3 साल का कार्यकाल जिसे सरकार का गोल्डन पीरियड कहा जाता है उसे हवा में निकाल दिया। 3 साल के कार्यकाल में देश से लेकर विदेश तक, सदन से लेकर सड़क तक मुख्यमंत्री ने सिर्फ और सिर्फ झूठ बोला। विधानसभा में झूठ बोला तो हमने उसके कागजात सभा पटेल पर रखे और अध्यक्ष महोदय को कहना पड़ा कि मुख्यमंत्री झूठ बोल रहे हैं।

 हाउस ऑफ़ लॉर्ड में संबोधन के नाम पर मुख्यमंत्री और उनकी पूरी मित्र मंडली ने झूठ बोला और उन्हें हाउस आफ लॉर्ड को संबोधित करने वाला देश का पहला मुख्यमंत्री बता दिया। जबकि उस समय वहां पर हाउस आफ लॉर्ड की प्रोसिडिंग्स ही नहीं चल रही थी। हाउस ऑफ़ लॉर्ड ने भी उसे झूठा बताया। 

इसी तरीके से पूरे 3 साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री के झूठों की एक लंबी फेहरिस्त है। जिससे यह साफ होता है कि यह सरकार प्रदेश का भला करने की बजाय मित्रों और परिवार का भला करने में ही मशगूल है। प्रदेश का विकास करने की इसकी कोई नीयत नहीं है। पूरे प्रदेश में विकास के काम ठप हैं। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के कर्ज और मुख्यमंत्री के झूठ का आंकड़ा हर दिन बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री अपने पद की  गरिमा हर दिन गिराते जा रहे हैं। बिहार में जाकर उन्होंने जो भी झूठ बोला प्रदेश के लोगों ने उसका तुरंत फैक्ट चेक कर दिया। पूरा सोशल उनके झूठों के फैक्ट चेक से भरा पड़ा है। 

हमारी सरकार के दौरान वृद्धा पेंशनर्स की आयुसीमा को 80 से घटकर 60 वर्ष करने के कारण जो पेंशनर्स जुड़े थे उन्हें ही अपनी उपलब्धि बता दी। बुजुर्गों की पेंशन किया फैसला हमने अपने पहले कैबिनेट में किया था क्योंकि हम यह मानते हैं कि जिन बुजुर्गों के दम पर हमने दुनिया देखी उनका ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने 3 साल का कार्यकाल अड़ंगेबाजी, जिद और ताले बाजी में निकाल दिया है। इस सरकार को कम शब्दों में कहा जाए तो कर और कर्ज की सरकार है।

अपनी जनता पर टॉयलेट टैक्स से लेकर बिजली तक के टैक्स लादे और हर दिन 33 करोड रुपए से ज्यादा का कर्ज लिया। हर दिन एक से ज्यादा स्कूल, हर हफ्ते दो अस्पताल, हर दिन दो से ज्यादा संस्थान बंद करने का रिकॉर्ड ही सरकार की कुल जमा उपलब्धि है। जिसका प्रचार मुख्यमंत्री को देश विदेश में घूम कर करना चाहिए। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow