नशे की ओवरडोज़ से युवक की मौत, सडक़ किनारे फेंका शव, सबूत मिटाने का मामला दर्ज
बरोटीवाला में सडक़ किनारे मिले युवक के शव के मामले में अब परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज किया
यंगवार्ता न्यूज़ - बद्दी 26-03-2026
बरोटीवाला में सडक़ किनारे मिले युवक के शव के मामले में अब परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि युवक को नशे की ओवरडोज़ देकर मौत के घाट उतारा गया और बाद में शव को सडक़ किनारे फेंक कर मामले को हादसा दिखाने की कोशिश की गई।
मृतक की पहचान राम लाल निवासी गांव ठेड़ा (लौदीमाजरा) के रूप में हुई है, जो ब्राह्मण बेली खेड़ा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार 18 मार्च को वह काम पर गया, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। रात के समय उसने फोन पर बताया कि वह पंचकूला गया है और जल्द लौट आएगा, लेकिन इसके बाद उसका फोन बंद हो गया ।
20 मार्च को पुलिस से सूचना मिली कि राम लाल का शव भटौलीकला रोड पर नैना अपार्टमेंट के पास सडक़ किनारे पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के पिता जगदीश चंद ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 18 मार्च की शाम रामलाल ट्रक यूनियन बरोटीवाला गया था, जहां उसकी मुलाकात विनोद कुमार और बहादुर सिंह से हुई।
तीनों ने नशीले पदार्थ का सेवन किया, लेकिन विनोद और बहादुर ने रामलाल को जान बूझकर ओवरडोज़ दे दी, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने 19 मार्च की रात को शव ट्रक में डालकर नैना अपार्टमेंट के पास सड़क़ किनारे नाले में फेंक दिया, ताकि मामले को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 ए 238 (सबूत मिटाना) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
What's Your Reaction?




