यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 30-09-2026
किन्नौर स्थित अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय (POCSO कोर्ट) ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दोषी राम बहादुर (48), पुत्र पूर्ण बहादुर, निवासी गांव व डाकघर खलंगा, जिला जुमला, अंचल मेची, नेपाल को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। फैसले की जानकारी देते हुए उप जिला न्यायवादी कमल चंदेल ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले बाल पीड़िता और उसकी माता नेपाल से रिकांगपिओ आए थे। पीड़िता की मां उसे भारत में उपचार करवाने के उद्देश्य से लेकर आई थी।
अभियोजन के अनुसार 6 नवंबर 2024 को पीड़िता की मां काम की तलाश में बाहर गई थी। इसी दौरान आरोपी राम बहादुर, जो नशे की हालत में था, ने नाबालिग को कथित तौर पर जबरदस्ती पकड़कर अपने कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने आरोपी के फोन से अपनी मां को घटना के बारे में बताया। मां ने एक नेपाली व्यक्ति को आरोपी के कमरे के पास भेजा। वहां से पीड़िता के रोने की आवाज सुनाई दी। कमरे का दरवाजा खुलवाने पर आरोपी अर्धनग्न अवस्था में था और पीड़िता के कपड़े भी उतरे हुए थे। इसके बाद पीड़िता की मां ने रिकांगपिओ थाने में मामला दर्ज करवाया।
पुलिस जांच के बाद मामले में चालान POCSO कोर्ट में पेश किया गया। मामले की जांच SI भरत सिंह ने की। अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 20 गवाहों के बयान दर्ज करवाए गए। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी को दोषी पाया और उसे 20 वर्ष के कारावास तथा 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
इसी दौरान POCSO कोर्ट ने एक अन्य मामले में अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ 2-3 साल तक शारीरिक शोषण के आरोपी को भी दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष के कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। इस मामले में आरोपी का नाम अदालत के आदेश के अनुसार सार्वजनिक नहीं किया गया है। दोनों मामलों में पैरवी प्रदेश सरकार की ओर से उप जिला न्यायवादी कमल चंदेल ने की। अदालत ने 30 सितंबर 2026 को दोनों मामलों में सजा सुनाई।