हिमाचल में शुष्क मौसम के बावजूद ठंड का प्रकोप, मैदानी इलाके भीषण ठंड की चपेट में

हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बावजूद ठंड का प्रकोप जारी है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाके भीषण ठंड की चपेट में हैं। जनजातीय क्षेत्रों में तो पारा शून्य से नीचे चला गया

Dec 6, 2023 - 15:13
 0  16
हिमाचल में शुष्क मौसम के बावजूद ठंड का प्रकोप, मैदानी इलाके भीषण ठंड की चपेट में

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला     06-12-2023

हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बावजूद ठंड का प्रकोप जारी है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाके भीषण ठंड की चपेट में हैं। जनजातीय क्षेत्रों में तो पारा शून्य से नीचे चला गया है। लगातार पारा गिरने से प्रदेश के मैदानी जिलों में शिमला से ज्यादा ठंड पड़ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार शिमला में पिछले 24 घंटे का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो ऊना में 6 डिग्री, बिलासपुर में 6.8 डिग्री और हमीरपुर में 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा। खास बात यह है कि राज्य के कुछ मैदानी शहरों का पारा तो शून्य के करीब पहुंच गया है। 

मंडी शहर में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री और सुंदरनगर में 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। शिमला से सटे सोलन शहर में पारा 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
राज्य के जनजातीय क्षेत्रों की बात करें तो वहां पिछले कुछ दिनों से पारा माइनस में दर्ज किया जा रहा है। 

लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां मंगलवार की रात न्यूनतम तापमान -5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। इसी तरह समधो में -2.7 डिग्री और किन्नौर जिला के कल्पा में -0.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। 

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो मनाली में 1.7 डिग्री, भुंतर में 2.2 डिग्री, नारकंडा में 3.2 डिग्री, सराहन में 4.5 डिग्री, कुफरी में 4.7 डिग्री, कांगड़ा में 5.3 डिग्री, चंबा में 5.7 डिग्री, बरठीं में 6 डिग्री, डल्हौजी में 6.9 डिग्री, पालमपुर में 7.2 डिग्री, धौलाकुआं में 8.7 डिग्री, धर्मशाला में 9.2 डिग्री, जुब्बडहट्टी में 9.4 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 10 डिग्री और नाहन में 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने आगामी 11 दिसंबर तक राज्य में मौसम के साफ बने रहने का अनुमान जताया है। विभाग का दावा है कि इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान तो सामान्य बना रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow