कांग्रेस की नवनियुक्त प्रभारी रजनी पाटिल की अध्यक्षता में आज से कार्यकारिणी के गठन पर होगा मंथन
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन का काम शुक्रवार से तेजी पकड़ेगा। प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त प्रभारी रजनी पाटिल वीरवार शाम शिमला पहुंच गई। जिनका कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने स्वागत किया

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 28-02-2025
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन का काम शुक्रवार से तेजी पकड़ेगा। प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त प्रभारी रजनी पाटिल वीरवार शाम शिमला पहुंच गई। जिनका कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सहित उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठकें की जाएंगी।
एक मार्च को पार्टी के पूर्व प्रत्याशियों, अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ भी मंथन होगा। रजनी पाटिल दो मार्च की सुबह वापस दिल्ली लौटेंगी। हिमाचल में नवंबर 2024 से कांग्रेस की प्रदेश, जिला और ब्लॉक की कार्यकारिणियां भंग हैं। संगठन के गठन के लिए प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आ रहीं पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल 28 फरवरी को सुबह साढ़े दस बजे कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रदेश के सहप्रभारियों के साथ बैठक करेंगी।
दोपहर साढ़े बारह बजे पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधानसभा अध्यक्षों से मिलेंगी। रजनी पाटिल दोपहर बाद तीन बजे मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्रियों से बैठक करेंगी।
एक मार्च को पार्टी विधायकों और साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के पार्टी प्रत्याशियों के साथ सुबह साढ़े दस बजे बैठक की जाएगी। दोपहर ढाई बजे सभी अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ मुलाकात की जाएगी। इसके बाद प्रेस वार्ता की जाएगी। दो मार्च को सुबह साढ़े नौ बजे रजनी पाटिल शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
What's Your Reaction?






