किसान जल्द करवाएं किसान पंजीकरण, मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ - कृषि विभाग

कृषि विभाग सिरमौर ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे शीघ्र अपना किसान पंजीकरण (Farmer Registry) करवाएं, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।

Jun 25, 2026 - 17:10
 0  21
किसान जल्द करवाएं किसान पंजीकरण, मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ - कृषि विभाग

यंगवार्ता न्यूज नाहन, 25 जून, 2026 : 


कृषि विभाग सिरमौर ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे शीघ्र अपना किसान पंजीकरण (Farmer Registry) करवाएं, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।


उप निदेशक कृषि साहिब सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार की एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत प्रदेश में किसान पंजीकरण का कार्य संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों का पंजीकरण होना अब आवश्यक है, जिससे किसानों की मूल जानकारी सरकार के पास उपलब्ध हो सके तथा विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।


उन्होंने बताया कि भारत सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार की कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ केवल पंजीकृत किसान ही प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) का लाभ भी उन्हीं किसानों को मिलेगा जिनका किसान रजिस्ट्री में पंजीकरण हुआ होगा। साथ ही डिजिटल फसल सर्वेक्षण (DCS) के सफल क्रियान्वयन के लिए भी किसान पंजीकरण आवश्यक है, जिससे किसानों एवं उनकी फसलों का सही विवरण दर्ज किया जा सके।

उन्होंने बताया कि किसान अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र (CSC) में जाकर निःशुल्क पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण के लिए किसान अपने साथ आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा भूमि अभिलेख (खसरा नंबर) अवश्य लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि जो किसान मोबाइल फोन अथवा कंप्यूटर का उपयोग करना जानते हैं, वे स्वयं भी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।


कृषि विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि वे जल्द से जल्द अपना किसान पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी कृषि योजना के लाभ से वंचित न रहें। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए किसान कृषि विभाग के अधिकारियों, एसएमएस, एडीओ, एईओ तथा आत्मा परियोजना के बीटीएम एवं एटीएम से संपर्क कर सकते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow