रामपुरघाट में चालान काटने पर पुलिसकर्मी से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में दो गिरफ्तार

पुलिस थाना पुरुवाला में पुलिस बूथ रामपुरघाट में तैनात मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार की शिकायत पर सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जांच जारी है।

Jun 14, 2026 - 20:04
 0  16
रामपुरघाट में चालान काटने पर पुलिसकर्मी से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में दो गिरफ्तार

यंगवार्ता न्यूज पांवटा साहिब, 14 जून : 

पुलिस थाना पुरुवाला में पुलिस बूथ रामपुरघाट में तैनात मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार की शिकायत पर सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 की शाम मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार यातायात चेकिंग के लिए रामपुरघाट, कुंजा मतरालियों और पहाड़ी कॉलोनी क्षेत्र में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान रामपुरघाट चौक के पास उन्होंने स्कूटी नंबर HP17H-1248 को जांच के लिए रोका। स्कूटी चालक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था और उसके पीछे एक महिला सवार थी।

जांच के दौरान चालक ने अपना नाम मोहित बताया और कहा कि उसका ड्राइविंग लाइसेंस अभी बनना बाकी है तथा उसने इसके लिए आवेदन किया हुआ है। इसके बाद पुलिसकर्मी ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत स्कूटी का चालान कर दिया।

शिकायत के अनुसार, चालान किए जाने के बाद मोहित ने किसी को फोन किया। कुछ देर बाद ऑल्टो कार नंबर HP17J-0626 में सवार होकर सचिन मौके पर पहुंचा और कथित तौर पर पुलिसकर्मी से अपने बेटे का चालान रद्द कर उसका लाइसेंस लगाने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद सचिन, मोहित और स्कूटी पर बैठी महिला सविता ने मिलकर मुख्य आरक्षी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।

पुलिस शिकायत में कहा गया है कि सचिन और मोहित ने पुलिसकर्मी का गला पकड़ लिया, जबकि सविता ने उनके चेहरे पर थप्पड़ मारा। आरोप है कि इस दौरान सचिन ने पुलिसकर्मी के बाएं कान में पहनी सोने की बाली भी छीन ली, जिससे उनके कान में चोट आई और खून बहने लगा। मारपीट में उनके गले पर भी चोटें आईं। घटना के बाद तीनों आरोपी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर 14 जून को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। वहीं सविता को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि मामले की आगामी जांच जारी है तथा अन्य आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow