यंगवार्ता न्यूज बिलासपुर 4 जून, 2026 :
कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए गोलीकांड मामले में पुलिस की बड़ी चूक सामने आई है। मामले का मुख्य आरोपी और शार्प शूटर अजय कुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी झज्जर पुलिस गिरफ्त से फरार हो गया है। जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस की टीम उसे कुछ दिन पहले हरियाणा के झज्जर स्थित अदालत में पेशी के लिए लेकर गई थी। सूत्रों के अनुसार अदालत में पेशी के बाद आरोपी को वापस लाया जा रहा था। इसी दौरान दिल्ली-हरियाणा सीमा के निकट टिकरी बॉर्डर क्षेत्र में वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होने के बाद उसकी तलाश के लिए विभिन्न राज्यों की पुलिस एजेंसियों को अलर्ट किया गया है।
मामले में आरोपी को लेकर गए दो पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। आरोपी के फरार होने को लेकर हरियाणा में भी मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि घटना कुछ दिन पहले की है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी के फरार होने के बाद दोनों पुलिसकर्मी बिलासपुर लौट आए हैं या नहीं।
पुलिस हिरासत से एक हाई प्रोफाइल मामले के आरोपी का भाग जाना सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक की ओर इशारा कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों के दौरान इस मामले को सार्वजनिक नहीं किया गया, लेकिन अब घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। उधर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली पुलिस की टीमें फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।
गौरतलब है कि अजय कुमार पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए चर्चित गोलीकांड का मुख्य आरोपी माना जाता है और उसकी गिरफ्तारी इस मामले की जांच में अहम कड़ी मानी जा रही थी। फिलहाल वो मामले में जेल ट्रायल पर था। लेकिन अब उसके फरार होने से पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।