बडोल पंचायत में ग्राम सभा आयोजित, 135 सदस्यों ने दर्ज करवाई उपस्थिति
2 अक्टूबर 2026 को उपमंडल संगड़ाह, विकास खंड संगड़ाह के अंतर्गत ग्राम पंचायत बडोल में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
यंग वार्ता न्यूज हरिपुरधार/लालसिंह 3 अक्टूबर :
2 अक्टूबर 2026 को उपमंडल संगड़ाह, विकास खंड संगड़ाह के अंतर्गत ग्राम पंचायत बडोल में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
ग्राम सभा में कोरम पूरा होने के बाद 135 सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। पंचायती राज विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार एजेंडे में शामिल विभिन्न मुद्दों पर चरणबद्ध तरीके से चर्चा की गई। इस दौरान कुछ वार्ड सदस्यों ने विभिन्न मामलों को लेकर आपत्तियां भी दर्ज करवाईं। पंचायत प्रधान अनिल शर्मा ने संबंधित आपत्तियों का आठ दिनों के भीतर समाधान करने का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य केंद्र की भूमि का मामला उठा
ग्राम सभा में स्वास्थ्य केंद्र बडोल से संबंधित मुद्दे पर भी चर्चा हुई। पंचायत प्रधान ने स्वास्थ्य केंद्र के लिए उपलब्ध भूमि को स्वास्थ्य विभाग के नाम पंजीकृत करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी ने बताया कि जब तक भूमि विभाग के नाम पंजीकृत नहीं होती, तब तक विभाग की ओर से आवश्यक हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकती।
पंचायत घर के लिए भूमि दान करने पर सहमति
पंचायत घर के निर्माण से जुड़े भूमि विवाद पर भी चर्चा हुई। वेद प्रकाश पुत्र रामचंद्र ने पंचायत घर के निर्माण के लिए भूमि दान की है। उन्होंने ग्राम सभा में आवेदन प्रस्तुत करते हुए भूमि की रजिस्ट्री करवाने पर सहमति जताई। इस प्रस्ताव पर ग्राम सभा के सदस्यों ने तालियां बजाकर सहमति व्यक्त की।
पंचवर्षीय योजना के प्रस्ताव पारित
ग्राम सभा में आगामी पंचवर्षीय योजना के लिए विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव भी पारित किए गए। इसके अलावा ग्रामीणों को नशा निवारण के प्रति जागरूक किया गया तथा स्वच्छता का संदेश देते हुए पंचायत को स्वच्छ रखने की अपील की गई। इस दौरान “पंचायत स्वच्छ तो गांव स्वच्छ” का संदेश दिया गया।
अंत में पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्राम सभा में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?


