शिकंजा : लकड़ी तस्करों पर पुलिस की स्ट्राइक, पंजाब जा रहे 29 वाहन किये जब्त

हिमाचल की वन संपदा की पंजाब में हो रही तस्करी के खिलाफ ऊना, कांगड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। मंगलवार सुबह करीब 4:00 बजे पंजाब को लकड़ी लेकर जा रहे 29 वाहनों को जब्त किया गया। यह कार्रवाई गगरेट क्षेत्र में मुबारिक-होशियारपुर मुख्य सड़क पर शिवबाड़ी मंदिर के समीप की गई

Aug 22, 2023 - 20:31
 0  100
शिकंजा : लकड़ी तस्करों पर पुलिस की स्ट्राइक, पंजाब जा रहे 29 वाहन किये जब्त

यंगवार्ता न्यूज़ - ऊना  22-08-2023

हिमाचल की वन संपदा की पंजाब में हो रही तस्करी के खिलाफ ऊना, कांगड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। मंगलवार सुबह करीब 4:00 बजे पंजाब को लकड़ी लेकर जा रहे 29 वाहनों को जब्त किया गया। यह कार्रवाई गगरेट क्षेत्र में मुबारिक-होशियारपुर मुख्य सड़क पर शिवबाड़ी मंदिर के समीप की गई। अभियान में कांगड़ा के देहरा में भी पुलिस ने एक वाहन पकड़ा है। गगरेट पुलिस थाना में 41 लोगों को इस मामले में नामजद करते हुए चोरी और वन अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। डीआईजी नॉर्थ जोन अभिषेक दुल्लर की अगुवाई में चले इस संयुक्त अभियान में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई को गुप्त रखा गया। डीजीपी संजय कुंडू भी इस अभियान की देखरेख के लिए ऊना पहुंचे। ऊना पहुंचने के बाद वह कांगड़ा गए। 

सोमवार-मंगलवार मध्य रात्रि सड़कों पर पुलिस का यह ऑपरेशन चला तो गगरेट में ही 29 वाहन पकड़े गए। पुलिस ने जब जांच की तो पाया कि लकड़ी लेकर जा रहे इन वाहनों के पास लकड़ी का परमिट तो 21 अगस्त था, लेकिन 22 अगस्त को यह अनधिकृत तरीके से उसी परमिट पर लकड़ी लेकर जा रहे थे। लकड़ी के परमिट में भी लकड़ी की प्रजाति फ्यूल वुड दर्शाई गई। हालांकि पुलिस अब वाहनों से लकड़ी अनलोड कर यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहनों में प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी तो नहीं है। मजेदार बात तप यह है कि कांगड़ा और हमीरपुर जिले से आने वाली इस वन संपदा को रास्ते में कहीं रोका तक नहीं जा रहा है। वन विभाग के कई चेक पोस्ट और कई पुलिस थानों को पारकर लकड़ी से लदे वाहन बेरोकटोक पंजाब पहुंच रहे हैं। 

कुछ दिन पहले भी गगरेट में पुलिस ने अनाधिकृत तरीके से पंजाब को लकड़ी लेकर जा रहे 18 वाहन जब्त कर मामला दर्ज किया तो एक अनधिकृत तरीके से गगरेट-मुबारकपुर रोड पर चला रहा लकड़ी का डंप भी पकड़ा था। पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि इस मामले में 29 वाहन जब्त कर 41 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। गगरेट में वन माफिया पर एक तरफ पुलिस की कार्रवाई चल रही थी तो दूसरी तरफ वन विभाग ने भी बिना कागजात लकड़ी लेकर पंजाब जा रही सात गाड़ियां जब्त की हैं। मंगलवार को डीएफओ सुशील कुमार के निर्देश पर विभिन्न विभिन्न स्थानों पर लगाए गए नाकों के दौरान वन विभाग की टीमों ने सात वाहनों को लकड़ी की खेप के साथ जब्त किया है। वन संपदा की पंजाब को बड़े पैमाने पर हो रही तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई पर डीजीपी संजय कुंडू ने यंगवार्ता न्यूज़ से कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर इसे अंजाम दिया गया। 

 

उन्होंने कहा कि लकड़ी कहां से लाई गई, इसका भी पता लगाया जाएगा। पंजाब के होशियारपुर में जहां यह खेप जानी थी, वहां के आढ़तियों और प्लाई बोर्ड उद्योगों से भी गहन पूछताछ की जाएगी। अगर जरूरत महसूस हुई तो यह मामला प्रवर्तन निदेशालय के सुपुर्द भी किया जाएगा। उन्होंने वन विभाग के कर्मियों की इस मामले में संलिप्तता की भी जांच की जाएगी। कुंडू ने कहा कि अभियान की अगुवाई डीआईजी अभिषेक दुल्लर ने की। इस अभियान में पुलिस ने पहले तमाम चोर रास्तों पर नाकाबंदी की और तय योजना के अनुसार बिना वैध कागजात लकड़ी लेकर पंजाब जा रही इन गाड़ियों को गगरेट में पकड़ने में सफलता हासिल की। 

उन्होंने पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन ठाकुर और पुलिस अधीक्षक कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि लकड़ी कहां से आई, इसकी भी जांच होगी और होशियारपुर के लकड़ी आढ़ती भी जांच के दायरे में आएंगे। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अगर जरूरी हुआ तो यह मामला प्रवर्तन निदेशालय के सुपुर्द किया जाएगा। बिना वैध कागजात कैसे लकड़ी पंजाब जा रही थी इसकी भी जांच होगी और क्या कागजात तैयार करने या फिर वन संपदा की तस्करी में वन कर्मियों की भी कोई भूमिका है, इसकी भी जांच की जाएगी।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow