बद्दी में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रक इंडस्ट्री कार्यालय में घुसा, चालक की मौत

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंजाब नंबर PB-11 AS-9655 का ट्रक अनियंत्रित होकर जॉइंट डायरेक्टर SWCA (इंडस्ट्री कार्यालय) की चारदीवारी तोड़ते हुए कार्यालय परिसर में जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि कार्यालय भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा।

Aug 1, 2026 - 17:43
 0  9
बद्दी में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रक इंडस्ट्री कार्यालय में घुसा, चालक की मौत

यंगवार्ता न्यूज - बद्दी 1 अगस्त, 2026 : 

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंजाब नंबर PB-11 AS-9655 का ट्रक अनियंत्रित होकर जॉइंट डायरेक्टर SWCA (इंडस्ट्री कार्यालय) की चारदीवारी तोड़ते हुए कार्यालय परिसर में जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि कार्यालय भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार पत्रकार रजनीश ठाकुर ने बताया कि वह सुबह करीब 8:15 बजे सिक्का होटल के समीप मौजूद थे। इसी दौरान काठा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे इंडस्ट्री कार्यालय में जा घुसा। ट्रक में लोहे के पाइप लदे हुए थे, जो टक्कर के बाद केबिन को चीरते हुए आगे तक निकल गए। चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोग, ट्रैफिक पुलिस कर्मी और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तथा चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान कुलविंदर सिंह (43) पुत्र दर्शन सिंह, निवासी गांव मनकवाल धांद्रा रोज, बसंत एवेन्यू, लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।

डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह थाना बद्दी में सूचना मिली थी कि एक ट्रक अनियंत्रित होकर इंडस्ट्री कार्यालय में घुस गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने उसे बाहर निकालने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन चालक लोहे के पाइपों और क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंसा होने के कारण समय पर नहीं निकाला जा सका। काफी मशक्कत के बाद जब उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना बद्दी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक चालक की तेज रफ्तारी और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow