यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 02-03-2026
जिला मुख्यालय नाहन में आज जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मीडिया से बात करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि यूथ पार्लियामेंट के जरिए युवा प्रतिभागियों को एक बड़ा मंच मिलता है जिसके जरिए उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का एक अवसर मिलता है और हर साल जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि देश में 65% आबादी युवाओं की है ऐसे में देश को आगे ले जाने और विकसित भारत की दिशा में युवाओं की भूमिका अहम होती है। उन्होंने कहा कि देश का युवा हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है फिर चाहे शिक्षा के क्षेत्र की बात हो,खेल क्षेत्र की बात हो या स्वास्थ्य क्षेत्र की।
सुरेश कश्यप ने कहा कि चाहे चंद्रयान मिशन रहा हो , मंगल मिशन रहा हो और चाहे कोई भी बड़ा मिशन देश में हुआ हो युवाओं की भागीदारी हमेशा महत्वपूर्ण रही है। सुरेश कश्यप ने कहा कि युवा संसद के माध्यम से देश की प्रधानमंत्री ने युवाओं से राजनीतिक क्षेत्र में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया है साथ ही युवा संसद के जरिए देश की 1 लाख युवाओं को राजनीति से जोड़ने का लक्ष्य रखा है । उन्होंने कहा कि देश लगातार विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है और 2047 में देश सबसे विकसित राष्ट्र बनेगा साथ सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में जाना जाएंगा। जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में जिले के 122 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेश कश्यप (सांसद शिमला–सोलन–सिरमौर) रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वही भविष्य के नेता और समाज के सशक्त स्तंभ हैं।
उन्होंने भारतीय लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने तथा युवाओं को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना ( गीतांजलि एवं समूह ) के साथ हुआ। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अवधारणा एवं ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर जिला नोडल अधिकारी एवं आयोजन सचिव डॉ. पंकज चांडक ने प्रकाश डालते हुए प्रतियोगिता के नियमों एवं उद्देश्य पर विस्तार से चर्चा की। प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं पारदर्शी मूल्यांकन हेतु एक प्रतिष्ठित ज्यूरी पैनल गठित किया गया, जिसमें वरिष्ठ शिक्षाविद एवं पूर्व प्राचार्य डॉ. अमर सिंह चौहान, ज्वाइंट डायरेक्टर श्री रविंद्र पाल सिंह ठाकुर, सेवानिवृत्त डीएफओ श्री प्रदीप शर्मा, शिक्षाविद भावना राठी तथा डीजीएम मुकुल शर्मा शामिल रहे।
ज्यूरी सदस्य प्रदीप शर्मा ने प्रतिभागियों की ऊर्जा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि वे लोकतंत्र में अपनी सशक्त भूमिका निभाने के लिए पूर्णतया तैयार हैं। मंच संचालन स्वयंसेवी शुभम एवं वंशिका द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। डॉ. पंकज चांडक ने जानकारी दी कि जिला स्तर से 05 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया गया है, जिनमें शिवम, निशांत, सुनैना, आर्यवंश एवं ईशा शर्मा शामिल हैं। ये प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा संसद में गेटी थिएटर शिमला में यूनियन बजट 2026: युवा सशक्तिकरण और विकसित भारत 2047 विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
एकल गायन में पूजा , गीतांजलि , सपना एवं काजल ने मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में रीता देवी , श्रुति , दीपक शर्मा , मीनाक्षी , विवेक , बलविंदर , कोटगाह , कालिंदी , धुन क्यारगा नवयुवक मंडल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं युवा उपस्थित रहे। यूथ आइकन गतवर्ष विजेता तनिष्का पुंडीर ने अपनी अनुभव भी साझा किये। अंत में नेहरू युवा केंद्र के अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफल आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था की गहरी समझ विकसित करने तथा अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ। प्रतियोगिता ने न केवल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सशक्त मंच प्रदान किया, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास को भी नई दिशा दी।