उन्नू महादेव में भारी चाटने गिरने से सराय भवन  ध्वस्त , सेरी के पास बही सड़क , करोड़ों का सेब फंसा

रामपुर उपमंडल के ऐतिहासिक तीर्थ स्थल उन्नू महादेव में भूस्खलन से मंदिर का दो मंजिला सराय भवन जमींदोज हो गया है। गनीमत रही कि घटना के समय सराय के भीतर कोई नहीं था अन्यथा जानी नुकसान हो सकता

Aug 2, 2023 - 19:56
 0  23
उन्नू महादेव में भारी चाटने गिरने से सराय भवन  ध्वस्त , सेरी के पास बही सड़क , करोड़ों का सेब फंसा

यंगवार्ता न्यूज़ -  शिमला  02-08-2023
रामपुर उपमंडल के ऐतिहासिक तीर्थ स्थल उन्नू महादेव में भूस्खलन से मंदिर का दो मंजिला सराय भवन जमींदोज हो गया है। गनीमत रही कि घटना के समय सराय के भीतर कोई नहीं था अन्यथा जानी नुकसान हो सकता था। उस समय मंदिर के पुजारी और सेवक यहां से थोड़ी दूर महादेव के धुने के समीप सो रहे थे। मंदिर के पुजारी शंभू ने बताया कि बुधवार सुबह करीब चार बजे अचानक बड़ी-बड़ी चट्टानें सराय भवन पर गिरीं और पलभर में ही दो मंजिला भवन मिट्टी के ढेर में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही एसडीएम रामपुर निशांत तोमर के निर्देश पर नायब तहसीलदार सराहन भीम सेन नेगी, ज्यूरी पुलिस चौकी प्रभारी सुनील दत्त नेगी और पटवारी अशोक कुमार के साथ मौके का जायजा लेने उन्नू महादेव मंदिर पहुंचे। 
 
 
नायब तहसीलदार ने नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर के पुजारी और सेवक के लिए गैस सिलेंडर सहित राशन का तुरंत इंतजाम करवाया। उन्होंने मलबे को हटाने के लिए मशीन की व्यवस्था करवाने के भी निर्देश दिए, जिससे मलबे में दबा प्राकृतिक गर्म पानी का स्रोत और दबा सामान निकाला जा सके। गौर हो कि उन्नू महादेव हजारों लोगों की आस्था का केंद्र होने से हर रोज मंदिर में दर्शन करने और प्राकृतिक गर्म पानी के कुंड में स्नान के लिए भी सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। उन्नू महादेव मंदिर के महंत बाबा मस्तगिरी और श्रीखंड कैलाश छड़ी यात्रा समिति के प्रधान सुदर्शन सहगल ने बताया कि भूस्खलन के कारण मंदिर की सराय मलबे में तब्दील हो गई है। 
 
 
ज्यूरी पंचायत प्रधान तापा देवी, उप प्रधान अरुण शर्मा, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकांता और सोहन लाल ने भी सरकार और प्रशासन से क्षतिग्रस्त भवन और गर्म पानी के कुंड को दुरुस्त करने की मांग की है। नायब तहसीलदार भीम सेन नेगी ने कहा कि मंदिर के पुजारी और सेवकों के लिए गैस सिलेंडर और राशन की व्यवस्था करवा दी गई है। भूस्खलन के खतरे को देखते हुए मंदिर परिसर में किसी के भी जाने पर रोक लगा दी गई है। मंदिर के पुजारी और सेवक को भी दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। मशीन से मलबे को हटाने की व्यवस्था की जा रही है। रामपुर उपमंडल के 12/20 क्षेत्र में करोड़ों रुपये के सेब को मंडी पहुंचाने पर संकट खड़ा हो गया है। 
 
 
इसकी वजह यह है कि क्षेत्र की चार पंचायतों के हजारों लोगों को लाभान्वित करने वाली तकलेच-देवठी सड़क का सेरी खड्ड के समीप 100 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया है। इस कारण पांच से सात लाख सेब की पेटियों को मंडी पहुंचाने की बागवानों को चिंता सता रही है। लोक निर्माण विभाग तकलेच के एसडीओ शोभा राम ने बताया कि सेरी खड्ड में लगातार भूमि धसाव हो रहा है। अगर यहां पहाड़ी की ओर कटाव किया जाता है, तो ऊपर की सड़क को भी खतरा हो सकता है। मौसम खुलते ही सड़क बहाल करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। वीरवार को स्वयं मौके पर जाकर जायजा लूंगा। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow