हिमाचल के 10 जिलों में लू चलने का अलर्ट,चटक धूप खिलने से गर्मी से बेहाल

May 18, 2024 - 15:59
 0  62
हिमाचल के 10 जिलों में लू चलने का अलर्ट,चटक धूप खिलने से गर्मी से बेहाल

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला     18-05-2024

हिमाचल प्रदेश के कई मैदानी जिलों में भीषण गर्मी से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज 10 जिलों में लू (हीटवेव) चलने का अलर्ट जारी किया गया है।  चटक धूप खिलने से शिमला में भी गर्मी बेहाल करने लगी है। आज प्रदेश के अधिकतर भागों में धूप खिली है।

आज ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमाैर में हीटवेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अगले 24 घंटों के दाैरान सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, ऊना, शिमला में एक–दो स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार को प्रदेश में चार जगह 40 और 10 जगह अधिकतम तापमान 35 डिग्री से अधिक हुआ था। वर्ष 2022 के बाद ऊना, धर्मशाला, शिमला और मनाली में शुक्रवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। ऊना और हमीरपुर के नेरी में अधिकतम तापमान 43 और बिलासपुर व धौलाकुआं में 41 डिग्री से अधिक रहा। विभाग के अलर्ट को देखते हुए आज तापमान 43 डिग्री के पार जा सकता है। 

माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर 20 मई तक माैसम खराब रह सकता है। 19 मई को कुछ मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश हो सकती है। 21 से 24 मई तक राज्य के अधिकतर भागों में माैसम साफ रहने के आसार हैं। ऐसे में पारा और चढ़ने की संभावना है। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow