संस्कृत श्लोक और गीतिका में अम्बोया स्कूल का दबदबा, दोनों प्रतियोगिताओं में हासिल किया प्रथम स्थान
हिमाचल प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 स्कूली सांस्कृतिक प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीबीएसई अम्बोया के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कृत श्लोक उच्चारण और संस्कृत गीतिका प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
यंगवार्ता न्यूज - सिरमौर 7 अक्टूबर :
हिमाचल प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 स्कूली सांस्कृतिक प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीबीएसई अम्बोया के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कृत श्लोक उच्चारण और संस्कृत गीतिका प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेचड़ का बाग में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के पहले चरण में बालकों की विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता के प्रथम दिन स्थानीय निवासी एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उनके स्वागत के बाद संस्कृत श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसमें सिरमौर जिले के 14 ब्लॉकों के विद्यालयों ने भाग लिया।
खोड़ोवाला ब्लॉक का प्रतिनिधित्व कर रहे राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अम्बोया के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्कृत श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद आयोजित संस्कृत गीतिका प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में हिमाचल की संस्कृति एवं संस्कृत भाषा से संबंधित गीत संस्कृत भाषा में प्रस्तुत किए गए। इसमें भी अम्बोया विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक वर्ग और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। विजेता विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिरमौर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
8 से 10 अक्टूबर तक बालिकाओं की प्रतियोगिताएं
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के अगले चरण में 8 से 10 अक्टूबर तक बालिकाओं की अंडर-19 प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें संस्कृत श्लोक, संस्कृत गीतिका, वाद्य यंत्र, सुगम संगीत, शास्त्रीय संगीत, वन एक्ट प्ले (नाटक), पारंपरिक नृत्य, भाषण और समूहगान सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
वहीं बालकों की प्रतियोगिताओं में भाषण, समूहगान और पारंपरिक नृत्य प्रतियोगिताएं अभी आयोजित होना शेष हैं। इन प्रतियोगिताओं के बाद चयनित विजेता छात्र-छात्राएं अर्की, जिला सोलन में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
What's Your Reaction?


