सजावटी पौधे से रूट स्टॉक बनकर तैयार, लगेंगे सात किस्मों के गुठलीदार फल 

हिमाचल प्रदेश में एक सजावटी पौधे से रूट स्टॉक बना दिया गया है। अब इस पर सात किस्मों के गुठलीदार फल उगाए जाएंगे। इसे आडू़, प्लम, खुमानी, प्रून, बादाम, एप्रिकॉट और नेक्टि्रन के कॉमन रूट स्टॉक के रूप में खोजा गया

Aug 8, 2023 - 11:50
 0  13
सजावटी पौधे से रूट स्टॉक बनकर तैयार, लगेंगे सात किस्मों के गुठलीदार फल 

यंगवार्ता न्यूज़ -  शिमला     08-08-2023

हिमाचल प्रदेश में एक सजावटी पौधे से रूट स्टॉक बना दिया गया है। अब इस पर सात किस्मों के गुठलीदार फल उगाए जाएंगे। इसे आडू़, प्लम, खुमानी, प्रून, बादाम, एप्रिकॉट और नेक्टि्रन के कॉमन रूट स्टॉक के रूप में खोजा गया है। 

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के शिमला कार्यालय ने इसे पूसा स्टोन फ्रूट रूट स्टॉक-102 नाम दिया है। राज्य में इस रूट स्टॉक पर कलम कर ये पौधे उगाए जाएंगे। यह रूट स्टॉक हिमाचल प्रदेश में पारंपरिक तरीके से उगाए जा रहे अन्य मूल वृंतों से अच्छा होगा। इसकी अच्छी रोगरोधी क्षमता होगी।

इन सभी फलों की अच्छी पैदावार आंकी गई है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के शिमला कार्यालय के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. कल्लोल कुमार प्रमाणिक ने बताया कि इस रूट स्टॉक को तैयार करने में करीब दस साल लग गए।  

इस पौधे में छोटे-छोटे फल उगते हैं। इसे सजावटी पौधों के बीच गमलों में भी उगाया जाता रहा है। इस पर पिछले दस साल से प्रयोग चल रहे हैं। आखिर इसमें कामयाबी हासिल कर ली गई है। इससे प्रदेश में आडू़, प्लम, खुमानी, प्रून, बादाम, एप्रिकॉट और नेक्टि्रन की पैदावार बढ़ेगी। 

इस बार हिमाचल प्रदेश में फसल कम होने की वजह से स्टोन फ्रूट्स को अच्छे दाम मिले हैं। ब्लैक एंबर किस्म का प्लम तो 150 से 180 रुपये तक बिका है। हरा बादाम भी 100 रुपये प्रति किलो तक बिक चुका है। इस बार कुछ किस्मों का सेब इससे भी कम मूल्य पर बिक रहा है। स्टोन फ्रूट्स प्रदेश में सेब की फसल के विकल्प के तौर पर उगाए जा सकते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow