यंगवार्ता न्यूज - शिमला 21 अगस्त :
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बारहवां सत्र आज राष्ट्रगान के साथ शुरू हो गया। लेकिन, मानसून सत्र का पहला ही दिन हंगामे भी भेंट चढ़ गया। सदन की कार्यवाही शुरू होने पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को नहीं गाने पर विपक्षी विधायकों ने किया विरोध। स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इस बारे में बनाया गया कानून विधानसभा में लागू नहीं, बल्कि सरकारी संस्थाओं पर लागू है। इसके बाद विपक्ष भड़क गया। स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने पूर्व विधायकों के देहांत पर शोकोद्गार के लिए संवेदनाएं प्रकट करने को कहा। उन्होंने कहा कि अभी शोकोद्गगार होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह का नया प्रेसिडेंस चलाना उचित नहीं है। स्पीकर ने कहा कि विधानसभा की परंपरा है कि राष्ट्रगान से शुरुआत की जाए। समापन पर ही वंदे मातरम् गाया जाता है। हंगामा बढ़ा तो स्पीकर ने कार्यवाही स्थगित करने की चेतावनी दी। विपक्ष नहीं माना तो सदन की कार्यवाही को स्पीकर ने एक दिन आगे स्थगित कर दिया। पठानिया ने सदन की कार्यवाही एक दिन आगे शनिवार सुबह 11:00 बजे तक स्थगित कर दी। उधर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल नारेबाजी करता हुआ विपक्ष के रवैये के विरोध में सदन से बाहर आया। सत्तारूढ़ दल के विधायकों ने विपक्ष पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाया।
विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने से ठीक पहले भाजपा ने विधानसभा में विपक्ष लॉज के बाहर प्रदर्शन किया। इस दाैरान भाजपा विधायकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेता एवं विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ यह प्रदर्शन किया गया। भाजपा विधायकों ने हाथ में तख्तियां और बैनर लेकर विधानसभा परिसर में नारेबाजी की। विपक्ष ने पांच लाख रोजगार दिलाने का वायदा झूठा करार दिया।