यंगवार्ता न्यूज़ - कांगड़ा 17-12-2023
जिला कांगड़ा के विकासखंड प्रागपुर की ग्राम पंचायत सुनहट में एक व्यक्ति को शिकार के दौरान गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। बताते हैं कि मृतक 42 वर्षीय विजय कुमार पुत्र तिलक राज सलगड़ी मसूर का रहने वाला था , जो शनिवार देर शाम को अपने एक अन्य साथी के साथ जंगल में शिकार करने गया हुआ था। इसी दौरान उसको गोली लग गई , जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मृतक के परिजनों ने विजय कुमार की मौत को हत्या करार दिया है।
परिजनों का कहना है कि विजय कुमार की हत्या कर शव जंगल में फेंका गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। बताते हैं कि शनिवार को विजय कुमार और उसका एक अन्य साथी जंगल में शिकार करने गए थे , लेकिन देर रात तक जब विजय कुमार घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने इसकी छानबीन शुरू कर दी।
इसी दौरान पता चला कि विजय कुमार को गोली लग गई है और उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने विजय के साथी को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।