प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी गौरव सिंह ने शिमला के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में संभाला कार्यभार
हिमाचल प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी गौरव सिंह ने शिमला के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह सोलन जिले में एसपी के पद पर तैनात
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 08-02-2026
हिमाचल प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी गौरव सिंह ने शिमला के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह सोलन जिले में एसपी के पद पर तैनात थे। शिमला स्थित एसपी कार्यालय में जॉइनिंग देने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में बेहतर पुलिसिंग के जरिए दो प्रमुख चुनौतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
खास बातचीत में नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता ड्रग्स तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना होगी। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार और इसकी तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश कर बड़े तस्करों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से चिट्टा (हेरोइन) के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि इस समस्या के खात्मे के लिए पुलिस पूरी ताकत से काम करेगी।
एसपी ने बताया कि उनकी दूसरी प्रमुख प्राथमिकता शिमला शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंचते हैं, जिससे शहर और खासतौर पर कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर भारी जाम की स्थिति बन जाती है।
कई बार पर्यटक चंडीगढ़ से शिमला के प्रवेश द्वार तक ढाई घंटे में पहुंच जाते हैं, लेकिन शहर के भीतर 7 से 10 किलोमीटर का सफर तय करने में ही एक से दो घंटे लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत कर इस समस्या को कम करने के लिए विशेष योजना तैयार की जाएगी।
ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को राहत मिल सके। गौरव सिंह इससे पहले भी शिमला में पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल चुके हैं, जब तत्कालीन एसपी संजीव गांधी अवकाश पर गए थे।
What's Your Reaction?

