खुद जाल में फंस गया शिकारी, सेरतेंदुला में पिंजरे में फंसा तेंदुआ 

Jan 14, 2024 - 19:01
 0  42
खुद जाल में फंस गया शिकारी, सेरतेंदुला में पिंजरे में फंसा तेंदुआ 

अब तक ग्रामीणों के कई मवेशियों को बना चुका था अपना शिकार 

ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग ने लगाया तेंदुआ पिंजरा

यंगवार्ता न्यूज़ - श्री रेणुका जी    14-01-2024

आखिरकार जिला सिरमौर के गिरिपार के सबगड़ाह उपमंडल की ग्राम पंचायत सेरतेंदुला में कई मवेशियों का शिकार कर चुका तेंदुआ जाल में फंस गया। जानकारी के मुताबिक संगड़ाह के बोगधार और शामरा के जंगल में कई दिनों से तेंदुए ने दहशत फैला रखी थी। आलम यह था कि कई पशुपालकों के मवेशियों को यह तेंदुआ शिकार बन चुका था। 

लंबे समय से बोगधार, शामरा और सेरतेंदुला  के ग्रामीण खौफ के साए में जी रहे थे , जिसके चलते ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की थी कि सेरतेंदुला के समीप पिंजरा लगाया जाए, ताकि तेंदुए को पकड़ा जा सके। आखिरकार ग्रामीण और वन विभाग की जुगत काम आई और रविवार तड़के ही एक तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। 

जानकारी के मुताबिक करीब एक महीना पहले क्षेत्र के बराड़ी निवासी भीम सिंह को भी तेंदुए ने बुरी तरह नोच खाया था जिसके चलते भीम सिंह को अस्पताल में उपचार करवाना पड़ा। उसके बाद न केवल बराड़ी और सेरतेंदुला के ग्रामीणों में दहशत थे , बल्कि आसपास के अन्य ग्रामीण इलाकों में भी तेंदुए का डर इस कदर था कि लोग शाम के समय अकेले बाहर भी नहीं निकलते थे। 

ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों तेंदुआ गांव के आसपास विचरण करता हुआ देखा गया है जिससे ग्रामीण सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत वन विभाग से की और वन विभाग ने यहां पर पिंजरा लगा दिया। गौर हो की चार दिन पहले भी नौराधार तहसील कार्यालय के समीप एक तेंदुआ आंगन में वितरण करता हुआ नजर आया। जिसकी सीसीटीवी फुटेज बाकायदा वन विभाग को उपलब्ध करवाई गई। 

उसके बाद वन विभाग के अधिकारी हरकत में आए और उन्होंने तेंदुए को पकड़ने के लिए सेरतेंदुला के समीप पिंजरा लगाया। रविवार सुबह आखिरकार यह तेंदुआ जाल में फंस गया। वन विभाग ने इसकी सूचना वन्य प्राणी विंग को दे दी है। बताते हैं कि अब वन्य प्राणी विंग इस तेंदुए को जंगल में छोड़ेगा ये फिर किसी वन अभ्यारण में भेजेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow