गुणात्मक शिक्षा व्यक्ति के जीवन का आधार : पठानिया

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि शिक्षा किसी भी व्यक्ति के जीवन का आधार मजबूत बनाती है। मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था से गुणात्मक शिक्षा को प्रदेश सरकार द्वारा सुनिश्चित बनाया जा रहा

Jan 25, 2024 - 18:36
 0  5
गुणात्मक शिक्षा व्यक्ति के जीवन का आधार : पठानिया

यंगवार्ता न्यूज़ - चंबा    25-01-2024

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि शिक्षा किसी भी व्यक्ति के जीवन का आधार मजबूत बनाती है। मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था से गुणात्मक शिक्षा को प्रदेश सरकार द्वारा सुनिश्चित बनाया जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष आज वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परछोड़ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने के उपरान्त बोल रहे थे । उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन और संस्कारों का होना भी बहुत जरूरी है। साथ में उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थी लगातार मेहनत कर विभिन्न गतिविधियों में और बेहतर प्रदर्शन करके क्षेत्र का नाम रोशन करें।

उन्होंने स्थानीय स्कूल की मांग को पूर्ण करते हुए कहा कि स्कूल में नया भवन व शौचालय का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय में विज्ञान संकाय की कक्षाएं भी शुरू करने का भी आश्वासन दिया। 

विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र में चल रहे विकासात्मक कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि परछोड़ क्षेत्र चक्की खड्ड के साथ लगता क्षेत्र है, जहां पर भूमि कटाव की समस्या है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में भूमि कटाव की समस्या का समाधान के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य पर 90 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।

कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्तमान समय में विधानसभा क्षेत्र में 22 सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिस पर 100 करोड़ की धनराशि व्यय की जा रही है। 

इसी के साथ उन्होंने कहा कि ककीरा कस्बा-गाहर व परछोड़ उठाऊ पेयजल योजना के निर्माण कार्य पर 37 करोड़ 52 लाख की धनराशि व्यय की जा रही हैl इसके अलावा साहला- मुड़ी उठाऊ सिंचाई योजना पर 15 करोड़ 7 लाख व बहाव सिंचाई योजना लाहडू के निर्माण कार्य पर भी लगभग 50 लाख रुपए की धनराशि खर्च की जाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष ने स्कूल की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।

इससे पूर्व, स्कूल के प्रधानाचार्य सरदार सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा स्कूल की गतिविधियों के बारे में अवगत करवाया। स्थानीय स्कूल प्रधानाचार्य व अध्यापकों, पंचायत प्रतिनिधियों ने विधानसभा अध्यक्ष को शाल-टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow