जहां नारी शक्ति का सामर्थ्य जुड़ जाता है , वहां असंभव को भी संभव बनाया जा सकता : पीएम मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की बेटियों का भी अनंत समझे जाने वाले अंतरिक्ष को चुनौती देने में अहम योगदान है। उन्होंने हाल ही में इसरो के महत्वाकांक्षी मून मिशन चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग को लेकर रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के दौरान यह बात कही

Aug 27, 2023 - 17:51
 0  3
जहां नारी शक्ति का सामर्थ्य जुड़ जाता है , वहां असंभव को भी संभव बनाया जा सकता : पीएम मोदी 
न्यूज़ एजेंसी - नई दिल्ली  27-08-2023
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की बेटियों का भी अनंत समझे जाने वाले अंतरिक्ष को चुनौती देने में अहम योगदान है। उन्होंने हाल ही में इसरो के महत्वाकांक्षी मून मिशन चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग को लेकर रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के दौरान यह बात कही। प्रधानमंत्री ने मन की बात के 104वें एपिसोड के दौरान अपने संबोधन की शुरुआत ही चंद्रयान-3 की सफलता के साथ की। उन्होंने कहा, भारत के चंद्रयान-3 ने साबित कर दिया है कि संकल्प के कुछ सूरज चांद पर भी उगते हैं। मिशन चंद्रयान नए भारत की उस स्पिरिट का प्रतीक बन गया है, जो हर हाल में जीतना चाहता है, और हर हाल में, जीतना जानता भी है। 
चंद्रमिशन में देश की बेटियों के योगदान का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा, आपको याद होगा मैंने इस बार लाल किले से कहा था कि हमें महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को राष्ट्रीय चरित्र के तौर पर सशक्त करना है। उन्होंने कहा, जहां महिला शक्ति का सामर्थ्य जुड़ जाता है, वहां असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। पीएम ने कहा, भारत का मिशन चंद्रयान, नारीशक्ति का भी जीवंत उदाहरण है, क्योंकि इस पूरे मिशन में अनेकों महिला वैज्ञानिक और इंजीनियर सीधे तौर पर जुड़ी रही हैं। इन महिला वैज्ञानिकों ने अलग-अलग सिस्टम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, प्रोजेक्ट मैनेजर और ऐसी कई अहम जिम्मेदारियां संभाली है। प्रधानमंत्री ने कहा, इस तरह भारत की बेटियां भी अब अनंत समझे जाने वाले अंतरिक्ष को भी चुनौती दे रही हैं। 
उन्होंने कहा, किसी देश की बेटियां जब इतनी आकांक्षी हो जाएं, तो उस देश को विकसित बनने से कोई नहीं रोक सकता है। पीएम ने कहा, आज हमारे सपने भी बड़े हैं और प्रयास भी बड़े हैं। पीएम ने खेल का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ ही दिनों पहले चीन में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स हुए थे और इन खेलों में इस बार भारत का प्रदर्शन अब तक का सबसे अच्छा रहा। हमारे खिलाड़ियों ने कुल 26 पदक जीते, जिनमें से 11 गोल्ड मेडल थे। आपको ये जानकर अच्छा लगेगा कि 1959 से लेकर अब तक जितने वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स हुए हैं, उनमें जीते सभी मेडल्स को जोड़ दें तो भी ये संख्या 18 तक ही पहुंचती है। 
इतने दशकों में सिर्फ 18, जबकि इस बार हमारे खिलाड़ियों ने 26 मेडल जीत लिए। प्रधानमंत्री ने पिछले महीने 30 जुलाई को मन की बात का 103वें एपिसोड में पहली बार ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान का जिक्र किया था। पीएम मोदी ने कहा, चंद्रयान-3 की सफलता से हमारे वैज्ञानिकों के साथ ही दूसरे सेक्टर्स की भी अहम भूमिका रही है। तमाम पार्ट्स और तकनीकी जरूरतों को पूरा करने में कितने ही देशवासियों ने योगदान दिया है। जब सबका प्रयास लगा तो सफलता भी मिली। यही चंद्रयान-3 की सबसे बड़ी सफलता है। पीएम ने कहा, मैं आशा करता हूं कि हमारा अंतरिक्ष क्षेत्र इसी तरह आगे भी सबके प्रयास से सफलता हासिल करेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow