धर्म, जाति, इलाके और ‘फूट डालो, राज करो’ की राजनीति करती आई है कांग्रेस  : नड्डा

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल में धर्म, जाति, इलाके और ‘फूट डालो, राज करो’ की राजनीति करती थी। आज कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने भारत के लोगों को चमड़ी के आधार पर भी विभाजित करने की योजना बना ली है लेकिन प्रधानमंत्री ने ‘विकासवाद की राजनीति’ और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के नारे से राजनीति की संस्कृति और परिभाषा बदल दी

May 8, 2024 - 19:46
 0  14
धर्म, जाति, इलाके और ‘फूट डालो, राज करो’ की राजनीति करती आई है कांग्रेस  : नड्डा

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा भारत के लोगों को चमड़ी के आधार पर विभाजित करने का प्रयास कर रहे हैं।

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी   08-05-2024

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया और घमंडिया गठबंधन की परिवारवादी पार्टियों पर भ्रष्टाचार को लेकर जमकर निशाना साधा। 

कार्यक्रम के दौरान मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तर भारत के प्रभारी सौदान सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष  राजीव बिंदल एवं मंडी से भाजपा प्रत्याशी एवं प्रसिद्ध सिने अभिनेत्री सुश्री कंगना रनौत सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल में धर्म, जाति, इलाके और ‘फूट डालो, राज करो’ की राजनीति करती थी। आज कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने भारत के लोगों को चमड़ी के आधार पर भी विभाजित करने की योजना बना ली है लेकिन प्रधानमंत्री ने ‘विकासवाद की राजनीति’ और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के नारे से राजनीति की संस्कृति और परिभाषा बदल दी है। 

आज बदलता भारत अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में 5वें स्थान से तीसरे स्थान की ओर बढ़ रहा है। भारत, विश्व में दवाइयों की डिस्पेंसरी बन चुका है। स्टील उत्पादन के क्षेत्र में भारत दूसरे स्थान पर है। आज भारत पिछलग्गू भारत नहीं है बल्कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगे दौड़ने वाला भारत बन गया है। कोरोना आपातकाल के दौरान अमेरिका, रशिया, जापान और चीन जैसे देश भी ये फैसला नहीं कर पाए की मानवता जरूरी है या अर्थतंत्र जरूरी है,

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यूपीए के जमाने में गोली चलती थी तो सैनिकों से कहा जाता था कि रिपोर्ट करो। आज  नरेन्द्र मोदी की सरकार में स्टैन्डिंग ऑर्डर है कि कहीं से भी गोली चले, तो जब तक गोली चलाने वाले को शांत न कर दिया जाए तब तक वापस नहीं आना है। भाजपा सरकार में ऊरी में घटी आतंकी घटना के जवाब में भारत ने पाकिस्तान के घर में घुसकर सर्जिकल करके दुश्मनों का सफाया कर दिया। 

पुलवामा की घटना के 10 दिनों के भीतर बालाकोट में भारत ने एयर स्ट्राइक कर आतंकियों के सारे कैंप ध्वस्त कर दिए। यूपीए की सरकार में सेना के पास जरुरी  बुलेटप्रूफ जैकेट तक नहीं थे लेकिन आज भारत पूरी दुनिया में बुलेटप्रूफ जैकेटें निर्यात कर रहा है। भारत आज डिफेंस निर्यात में बहुत आगे निकल चुका है, अब भारत दुनिया से आयात नहीं कर रहा है, बल्कि भारत में निर्मित रक्षा उत्पाद दुनिया को निर्यात रहा है।

नड्डा ने कहा कि भाजपा ने सुश्री कंगना रनौत को प्रत्याशी बनाया है। सुश्री कंगना रनौत ने छोटे से पहाड़ी राज्य से निकलकर देश-दुनिया में कला के जगत में अपनी पहचान बनाई, यह हिमाचल के लिए गौरव की बात है। नड्डा ने स्थानीय प्रत्याशी सुश्री कंगना रनौत को विजयी बनाकर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की अपील की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow