प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद सैलानियों की संख्या में हुआ इजाफा, कमरों की एडवांस बुकिंग शुरू 

ताजा बर्फबारी के बाद हिमाचल में सैलानियों की संख्या में इजाफा होना शुरू हो गया है। इस वीकेंड के लिए होटलों के कमरों की एडवांस बुकिंग

Feb 3, 2024 - 11:56
 0  33
प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद सैलानियों की संख्या में हुआ इजाफा, कमरों की एडवांस बुकिंग शुरू 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला     03-02-2024

ताजा बर्फबारी के बाद हिमाचल में सैलानियों की संख्या में इजाफा होना शुरू हो गया है। इस वीकेंड के लिए होटलों के कमरों की एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। शिमला, कुफरी, नारकंडा, कुल्लू-मनाली, कसौली, चायल, चंबा और खजियार सैलानियों के लिए पहली पसंद बने हुए हैं। 

जनवरी में बर्फबारी न होने से हिमाचल में पर्यटन कारोबार धीमा पड़ गया था। शिमला में सीजन के पहले हिमपात के बाद सैलानियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की उम्मीद है। बर्फबारी के बाद हिमाचल में पर्यटन कारोबार के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। वीकेंड के लिए जहां होटलों के कमरे एडवांस बुक हाेने शुरू हो गए हैं, वहीं पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए सैलानी ट्रैवल पैकेज बुक कर रहे हैं। 

लंबे अंतराल के बाद टैक्सी कारोबारियों के काम में भी तेजी आनी शुरू हो गई है। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े गाइड, फोटोग्राफर, घोड़ा संचालक सभी उत्साहित हैं। कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में सैलानियों की संख्या बढ़ गई है। दिल्ली, चंडीगढ़ और कालका से शिमला आने वाली लग्जरी बसें भी पैक चल रही हैं।

पर्यटन उद्योग के लिए बर्फबारी संजीवनी साबित हुई है। बर्फ गिरने के बाद एकाएक पर्यटन स्थलों पर कमरों की एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। इस वीकेंड के अलावा अगले हफ्ते के लिए भी बुकिंग हो रही है। बर्फबारी के पूर्वानुमान के चलते सैलानी बुकिंग करवा रहे हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow