लोक भवन के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन: CM बोले- खतरे में है लोकतंत्र
दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को शिमला स्थित लोक भवन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री अनिरुद्ध सिंह और यादवेंद्र गोमा समेत विधायक और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में है और लोकतंत्र को बचाने के लिए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को करीब 300 सांसदों के साथ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री के बेटे और पोते हैं, लेकिन आज उन्हें अपनी बात रखने और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनाव आयोग कार्यालय की ओर जाने से रोकने और हिरासत में लिए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
सुक्खू ने एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आज लोक भवन का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया है और आने वाले दिनों में प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं संवैधानिक पद पर हैं, इसके बावजूद शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए लोक भवन पहुंचे हैं। लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना हर नागरिक और राजनीतिक दल का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में ‘वोट चोरी’ हुई है और कांग्रेस इसी मुद्दे को जनता के बीच उठा रही है। मंगलवार को दिल्ली में विपक्षी नेताओं ने SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन किया था, जिसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत नेताओं को हिरासत में लिया गया था।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भी प्रदर्शन के दौरान चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर पार्टी की आपत्तियां दोहराईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। विनय कुमार ने कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिए जाने के विरोध में हिमाचल कांग्रेस एकजुट होकर सड़कों पर उतरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश में भी इस मुद्दे को लेकर अपना विरोध जारी रखेगी और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जनता तक कांग्रेस का पक्ष पहुंचाया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के रोहड़ू दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अनदेखी के सवाल पर हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। विनय कुमार ने कहा कि अगर कार्यक्रम के दौरान वीरभद्र सिंह की अनदेखी हुई तो यह उचित नहीं है। वीरभद्र सिंह ने रोडू विधानसभा क्षेत्र का नेतृत्व किया है और विकास कार्य किए। उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं की है कि भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न हो।
What's Your Reaction?


