शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही प्रदेश सरकार : राम चंद्र पठानिया

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगवाड़ा का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह शनिवार को मनाया गया, जिसमें कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की

Feb 24, 2024 - 19:00
 0  4
शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही प्रदेश सरकार : राम चंद्र पठानिया

केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर अग्निवीर भर्ती नीति रद की जाएगी

यंगवार्ता न्यूज़ - भोरंज     24-02-2024

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगवाड़ा का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह शनिवार को मनाया गया, जिसमें कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
 
सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और बच्चों के अभिभावकों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार शुरू किए हैं। सरकार ने कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार हर विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। 

भोरंज क्षेत्र के गांव करहा में इसका शिलान्यास भी कर दिया गया है। सरकारी स्कूलों में नए सत्र से पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू की जाएगी। इससे हिमाचल प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिलेगा।
 
केंद्र सरकार की अग्निवीर भर्ती नीति की कड़ी आलोचना करते हुए राम चंद्र पठानिया ने कहा कि यह नीति युवाओं के साथ घोर अन्याय है। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर अग्निवीर भर्ती नीति को रद करके तीनों सेनाओं में पुरानी भर्ती नीति को बहाल किया जाएगा।
 
राम चंद्र पठानिया ने कहा कि हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद ने हमीरपुर तक रेलवे लाइन पहुंचाने का वायदा किया था। इसके अलावा जनता से कई अन्य लोक लुभावन वायदे भी किए थे, लेकिन सांसद के रूप में लंबे कार्यकाल के बावजूद ये वायदे आज तक पूरे नहीं कर पाए हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता इस बार सांसद से पूरा हिसाब मांगेगी।
 
राम चंद्र पठानिया ने कहा कि बगवाड़ा स्कूल में बास्केटबाल कोर्ट और सुरक्षा दीवार के लिए शीघ्र ही बजट का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने स्कूल को 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की तथा शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।

इससे पहले प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा बच्चों के अभिभावकों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पेश की। जबकि, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बनयाल, जिला महासचिव सुनील धूमल, कामगार कल्याण कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजीव राणा, चमन लाल, ग्राम पंचायत कंजयाण के प्रधान संदीप चौहान और अन्य लोग भी उपस्थित थे। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow